Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर गोलीबारी करने का मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया है। खतरनाक शार्प शूटर अमन उर्फ काकू दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास टिकरी बॉर्डर से फरार हुआ। बिलासपुर पुलिस की टीम कोर्ट में पेशी के बाद उसे वापस ला रही थी।
लापरवाह दो पुलिस कॉन्स्टेबल सस्पेंड और जांच शुरू
बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा ड्यूटी में भारी लापरवाही बरतने के आरोप में तुरंत कार्रवाई की है। विभाग ने आरोपी की सुरक्षा में तैनात दो पुलिस कॉन्स्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिस टीम आरोपी शार्प शूटर अमन को दिल्ली की कोर्ट में पेश करने ले गई थी। वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम उसे परिवहन निगम की साधारण बस से बिलासपुर ला रही थी। इसी बीच मौका पाकर शातिर अपराधी टिकरी बॉर्डर के नजदीक चलती बस से चकमा देकर फरार हो गया।
तीन राज्यों की पुलिस अलर्ट पर, धरपकड़ तेज
शातिर अपराधी को दोबारा पकड़ने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। इसके लिए दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की पुलिस टीमें आपस में तालमेल बिठाकर काम कर रही हैं। सभी संभावित ठिकानों पर नाकेबंदी करके फरार शूटर की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
Author: Sunita Gupta


