हरियाणा: नूंह में नोटों की माला को लेकर भिड़े दो पक्ष, शादी के जश्न में जमकर चले पत्थर

Haryana News: नूंह जिले के पुनहाना उपमंडल में एक शादी समारोह के दौरान नोटों की माला को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। नेहदा गांव में बारात रवानगी के समय दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे खुशी का माहौल तनाव में बदल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। यह पूरा विवाद दूल्हे को पहनाई गई 25 लाख रुपये की नोटों की माला के कारण उत्पन्न हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

25 लाख की माला बनी विवाद की जड़

नेहदा निवासी महबूब कुरैशी के बेटे की बारात अली मेव गांव जाने के लिए तैयार थी। इसी दौरान दूल्हे के जीजा नयूम ने अपने साले को करीब 25 लाख रुपये के नोटों से बनी विशाल माला पहना दी। इस भारी-भरकम माला को देखकर परिवार के ही दूसरे पक्ष, जो उत्तर प्रदेश के हातियाका से आए थे, नाराज हो गए। उन्होंने अपनी माला आने तक बारात रोकने की जिद की। इसी मांग ने बहस का रूप ले लिया और देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गई।

पत्थरबाजी से अफरा-तफरी, पुलिस जांच जारी

विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। गनीमत रही कि इस पथराव में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन मामले की जानकारी जुटा रहा है। मेवात क्षेत्र में लाखों की माला पहनने की रस्म पुरानी है, लेकिन अब इसे एक सामाजिक बुराई के तौर पर देखा जा रहा है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories