शादी की बासी मिठाई बनी काल! बिजनौर में 2 साल के मासूम की मौत, 4 बच्चों सहित 6 लोग गंभीर

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शादी समारोह से लाई गई मिठाई खाने के बाद 2 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। वहीं परिवार के 4 बच्चों समेत 6 अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए।

यह खौफनाक घटना नांगल सोती थाना क्षेत्र के जीतपुर खास गांव की है। थाना प्रभारी राम प्रताप ने बताया कि गांव की रहने वाली सुधा देवी (63) करीब 5 दिन पहले एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। वे वहां से खाने के लिए कुछ मिठाई अपने घर लेकर आई थीं।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक मंगलवार की रात को परिवार के सभी सदस्यों ने वह मिठाई खाई थी। लेकिन मिठाई खाने के कुछ ही समय बाद सबकी तबीयत बिगड़ने लगी। संदीप, उनकी पत्नी नीतू और बच्चों समेत सभी को पेट दर्द, तेज उल्टी और दस्त की गंभीर शिकायत होने लगी।

निजी डॉक्टर से इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम

तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर सभी बीमार लोगों को तुरंत गांव के ही एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। डॉक्टरों ने रात में ही सभी का इलाज शुरू कर दिया। लेकिन बेहद अफसोस की बात है कि उपचार के दौरान बुधवार को 2 वर्षीय मासूम देव कुमार की दर्दनाक मौत हो गई।

इस हादसे में बीमार हुए अन्य 6 लोगों की हालत में अब धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अंकित चौधरी ने खुद मामले की निगरानी की। उन्होंने बताया कि सभी बचे हुए मरीजों का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में गांव में ही चल रहा है।

मासूम की मौत के बाद से पूरे पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा है। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

Author: Ajay Mishra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories