Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बदमाशों के हौसले काफी बढ़ गए हैं। पुलिस लाइन भराड़ी के पास अपराधियों ने एक कार को आग लगा दी। हैरान करने वाली बात यह है कि यह गाड़ी पुलिस मुख्यालय में तैनात एक कर्मचारी की थी।
यह मामला सोमवार रात का है जब भराड़ी के पास चैपसली स्कूल मोड़ पर अज्ञात तत्वों ने कार फूंक दी। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस के अनुसार यह गाड़ी मुख्यालय के कर्मचारी इंद्र सिंह की थी। इस घटना से स्थानीय लोग डरे हुए हैं।
स्थानीय पार्षद ने पुलिस प्रशासन पर उठाए गंभीर सवाल
वार्ड नंबर-1 की पार्षद मीना चौहान ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। पार्षद ने आरोप लगाया कि बाहरी इलाकों के असामाजिक तत्व गाड़ियों में बैठकर सरेआम नशा करते हैं और रात में शोर मचाते हैं।
पार्षद मीना चौहान ने कहा कि इलाके में चोरी की घटनाओं के वीडियो साक्ष्य पहले भी पुलिस को दिए गए थे। इसके बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी ढिलाई के कारण आज अपराधी बेखौफ होकर पुलिस लाइन के पास ही गाड़ियां फूंक रहे हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय जनता और पार्षद ने प्रशासन से आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही क्षेत्र में रात के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।

