Shimla News: हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। सुन्नी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की वारदात को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में शामिल पंजाब के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नाकाबंदी के दौरान पिकअप गाड़ी के साथ दबोचे आरोपी
सुन्नी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोका। आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिल को अपनी पिकअप गाड़ी (पीबी 23टी-2350) में लादकर पंजाब की तरफ भाग रहे थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी में सवार तीनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
पंजाब के पटियाला जिले के रहने वाले हैं तीनों चोर
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के पटियाला जिला अंतर्गत सरहिंद रोड, गोबिंद नगर के निवासियों के रूप में हुई है। पकड़े गए युवकों में 24 वर्षीय मनदीप सिंह, 20 वर्षीय साजन सिंह और 18 वर्षीय बाज सिंह शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिचित के फोन से मिली थी मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना
कांगड़ गांव के रहने वाले शिकायतकर्ता तारा दत्त ने पुलिस को बताया कि वह बसंतपुर ब्लॉक के पास काम से गए थे। उन्होंने अपनी सेकंड हैंड बाइक सड़क किनारे खड़ी की थी। दोपहर को परिचित ने फोन पर सूचना दी कि कुछ लोग उनकी बाइक पिकअप में लादकर सुन्नी की तरफ ले गए हैं।
थाने में पीड़ित ने की अपनी चोरी हुई बाइक की पहचान
पीड़ित युवक बाइक की तलाश में सुन्नी पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत दर्ज होने से पहले ही सतर्क पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ चुकी थी। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पिकअप में लदी अपनी बाइक की पहचान की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया है।

