Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के इंदौरा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बैरियर चौक के पास गुरुवार सुबह एक 30 साल के युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक के बाजू में सिरिंज लगी होने से नशीले पदार्थ की ओवरडोज की आशंका है।
बाजू में लगी थी सिरिंज, मैदान में औंधे मुंह पड़ा था शव
बैरियर चौक के पास एक मैदान में युवक का शव औंधे मुंह पड़ा हुआ मिला। उसके बाएं बाजू में सिरिंज लगी हुई थी। शरीर के ऊपरी हिस्से पर कपड़े भी नहीं थे। सूचना मिलते ही डीएसपी संजीव कुमार यादव और थाना प्रभारी आशीष पठानिया पुलिस टीम के साथ पहुंचे।
गन्ने का रस बेचकर परिवार पालता था मृतक शुभम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और स्कूटी भी बरामद की गई है। मृतक की पहचान चनौर निवासी शुभम के रूप में हुई है। शुभम इंदौरा कॉलेज के पास गन्ने का रस बेचकर परिवार चलाता था।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा खंगाल रही पुलिस
शुभम शादीशुदा था और उसका एक तीन साल का बेटा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि वह घटना स्थल तक कैसे पहुंचा। पुलिस उसके मोबाइल फोन के रिकॉर्ड और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाल कर सुराग ढूंढने की कोशिश कर रही है।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद होगा असली वजह का खुलासा
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है। उन्होंने साफ कहा कि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही लगेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।

