Crypto Scam: 2300 करोड़ के महाघोटाले के मास्टरमाइंड सुभाष शर्मा को दुबई से भारत लाएगी सरकार, ईडी का बड़ा एक्शन

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश और पंजाब के लाखों निवेशकों को चूना लगाने वाले जालसाजों पर केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय ने शिकंजा कस दिया है। करोड़ों रुपये का काला साम्राज्य खड़ा करने वाले आरोपियों से अब ईडी पाई-पाई का हिसाब चुकता करेगी।

इस महाघोटाले के मुख्य सूत्रधार सुभाष शर्मा को दुबई से वापस भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया बहुत तेज हो गई है। राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भेजा है। इसके बाद दिल्ली से लेकर दुबई तक हलचल बढ़ गई है।

- Advertisement -

ईडी की विशेष जांच टीम इस समय जालसाजी से जुड़े 100 से अधिक आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा खंगाल रही है। जांच टीम अब तक 12 मुख्य आरोपियों के घरों पर दो बार ताबड़तोड़ दबिश दे चुकी है। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।

मास्टरमाइंड सुभाष शर्मा की मंडी स्थित आलीशान कोठी होगी फ्रीज

केंद्रीय जांच एजेंसी का मुख्य फोकस इस समय फरार चल रहे मास्टरमाइंड सुभाष शर्मा पर है। जांच अफसरों ने सुभाष शर्मा के मंडी स्थित आलीशान घर और अन्य बेनामी संपत्तियों को पूरी तरह फ्रीज करने की कानूनी तैयारी मुकम्मल कर ली है।

ईडी पंजाब और हिमाचल प्रदेश में अब तक आरोपियों की करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क कर चुकी है। आने वाले दिनों में जांच एजेंसी इस मामले में कई और बड़ी दंडात्मक कार्रवाई को अंजाम देने वाली है।

यह पूरा मामला मूल रूप से हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज की गई शुरुआती एफआईआर पर आधारित है। स्थानीय पुलिस की प्राथमिक जांच के तुरंत बाद ईडी ने मनी लांड्रिंग एक्ट के तहत इन आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की थी।

हवाला नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये दुबई ट्रांसफर करने का खुलासा

मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा ने कानून की नजरों से बचने के लिए निवेशकों के करोड़ों रुपये को देश के बाहर भेजा था। उसने इस भारी-भरकम राशि को अवैध हवाला नेटवर्क के जरिए सीधे दुबई ट्रांसफर कर दिया था।

वहां इस लूटी गई रकम को रियल एस्टेट सहित विभिन्न बड़े क्षेत्रों में निवेश किया गया। इस पैसे से वहां कई बेनामी संपत्तियां खड़ी की गईं। आरोपियों ने सीधे-सादे निवेशकों को रातों-रात अमीर बनाने और भारी मुनाफे का लालच दिया था।

बहरहाल, प्रवर्तन निदेशालय की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से ठगों के पूरे सिंडिकेट में भारी डर का माहौल है। वहीं दूसरी तरफ अपना पैसा डूब चुके प्रभावित गरीब निवेशकों में रकम वापसी को लेकर एक बार फिर नई उम्मीद जगी है।

Reported By: Sunita Gupta

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles