Yamunanagar News: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने यमुनानगर में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर सौरभ कुमार और बेलदार करमजीत को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पंचकूला थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
सतर्कता ब्यूरो के इंस्पेक्टर तेजपाल ने बताया कि शिकायतकर्ता जरनैल सिंह सिंचाई विभाग में ठेकेदार के रूप में काम करता है। उसने विभाग में अपने सभी जरूरी दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं। इसके बावजूद विभाग में उसके पुराने बिलों का भुगतान काफी समय से लटका कर रखा गया था।
बिल पास करने के बदले मांगी थी मोटी रकम
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जूनियर इंजीनियर सौरभ कुमार ने जानबूझकर उसके बिल रोक रखे थे। जेई इन बिलों को पास करने और भुगतान जारी करने के बदले लगातार रिश्वत मांग रहा था। आरोपी जेई ने फोन पर संपर्क कर अपने और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर यह पैसे मांगे थे।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारियों के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया था। योजना के तहत शिकायतकर्ता ने 45 हजार रुपये की राशि बेलदार करमजीत को सौंप दी। करमजीत ने जैसे ही यह रकम जेई सौरभ कुमार को दी, निगरानी कर रही टीम ने दोनों को पकड़ लिया।

