Fatehabad News: थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन इस बेहद संवेदनशील मामले को लेकर शुरू से ही गंभीर नजर आ रहा है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विनोद गोदारा, विक्रम और जिलेसिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ये तीनों आरोपी फतेहाबाद के ही गांव खाराखेड़ी के रहने वाले हैं, जिन्हें सघन तलाशी अभियान के बाद दबोचा गया है।
आरोपियों की हुई पहचान, कल कोर्ट में होंगे पेश
इन तीनों आरोपियों को कल यानी 7 जुलाई को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। अदालत में पेशी के दौरान पुलिस इन आरोपियों की रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि पूछताछ में पूर्व सरपंच की हत्या के असली कारणों और अवैध हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि गत 4 जुलाई को रंगला पंजाब होटल के समीप अज्ञात हमलावरों ने पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल फैल गया था।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
घटना के तुरंत बाद थाना सदर फतेहाबाद में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। थाना सदर पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है और हत्या की साजिश से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
इस हत्याकांड में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से फरार हैं। उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

