फतेहाबाद में ट्यूबवेल कनेक्शन के नाम पर ₹12 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग के तीन कर्मी गिरफ्तार

Fatehabad News: चंडीगढ़ रोड स्थित 33 केवी बिजली घर के ग्रामीण बिजली कार्यालय में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) फतेहाबाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते यूडीसी क्लर्क, एचकेआरएन कर्मी और अप्रेंटिस को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

- Advertisement -

जानकारी के मुताबिक गांव फतेहपुरी के रहने वाले बलजिंदर सिंह ने एसीबी को इस मामले की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि ट्यूबवेल कनेक्शन का नाम बदलवाने के बदले कार्यालय के कर्मचारी उससे रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने तुरंत जाल बिछाया।

केमिकल लगे नोट देकर जाल में फंसाया

एसीबी इंचार्ज मनमोहन सिंह के नेतृत्व में टीम ने योजना तैयार की। टीम ने शिकायतकर्ता बलजिंदर को केमिकल लगे हुए नोट देकर कार्यालय भेजा। तय रणनीति के तहत वहां मौजूद अप्रेंटिस करण ने जैसे ही 12 हजार रुपये की राशि पकड़ी, पहले से तैनात टीम ने उसे दबोच लिया।

पैसे लेते ही आरोपी अप्रेंटिस के हाथ केमिकल के कारण लाल हो गए। इसके बाद मौके पर मौजूद यूडीसी क्लर्क सत्यनारायण और एचकेआरएन के तहत काम कर रहे असिस्टेंट लाइनमैन विनोद को भी टीम ने काबू कर लिया। बिजली कार्यालय में हुई इस अचानक कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

- Advertisement -

ब्यूरो के इंचार्ज मनमोहन सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार की पुख्ता शिकायत पर यह सख्त कार्रवाई की गई है। पकड़े गए तीनों आरोपियों से टीम पूछताछ कर रही है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है ताकि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जा सके।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles