Chandigarh News: हरियाणा में 4 और 5 जुलाई 2026 को होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर सरकार ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इस बार यह परीक्षा पूरी तरह सीईटी (CET) की तर्ज पर पारदर्शी और कड़े पहरे के बीच आयोजित की जाएगी।
देरी होने पर डायल 112 करेगी परीक्षार्थियों की मदद
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में परीक्षार्थियों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में देरी होती है, तो वह तुरंत डायल 112 पर कॉल कर सकता है। पुलिस टीम आपातकालीन स्थिति में परीक्षार्थी को केंद्र तक पहुंचाएगी।
383 केंद्रों पर परीक्षा देंगे 2.33 लाख से अधिक अभ्यर्थी
इस बार राज्यभर में बनाए गए 383 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,33,294 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इन परीक्षार्थियों में महिला अभ्यर्थियों की संख्या काफी अधिक है। इस बार कुल 1,66,137 महिलाएं यह परीक्षा देने वाली हैं।
मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। इस बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जिलों के डीसी और एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस मीटिंग से जुड़े।
मुख्यालय पर कंट्रोल रूम और उड़न दस्ते तैनात
मुख्यमंत्री ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए बोर्ड मुख्यालय पर एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके अलावा जिला और मुख्यालय स्तर पर विशेष उड़न दस्ते तैनात किए गए हैं। सभी केंद्रों पर 3 जुलाई तक सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए गए हैं।

