Navi Mumbai News: नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बेहद शानदार खबर सामने आई है। इस नए और आधुनिक एयरपोर्ट से आगामी 15 जुलाई से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया एक्सप्रेस यहां से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करेगी।
अबू धाबी के लिए रोजाना उड़ान भरेगा विमान
नागरिक उड्डयन क्षेत्र के सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस आगामी 15 जुलाई से अबू धाबी के लिए अपनी रोज़ाना उड़ानें शुरू करने की तैयारी कर चुकी है। इसके साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस इस नए एयरपोर्ट से इंटरनेशनल ऑपरेशन्स का आगाज़ करने वाली देश की पहली घरेलू एयरलाइन बन जाएगी।
इस बेहद खास और नए इंटरनेशनल रूट पर उड़ान भरने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस अपने अत्याधुनिक बोइंग 737-8 MAX विमान का इस्तेमाल करेगी। नवी मुंबई से अबू धाबी जाने वाली उड़ान का नंबर IX205 तय किया गया है, जबकि अबू धाबी से वापस लौटने वाली फ्लाइट का नंबर IX206 होगा।
15 जुलाई से शुरू हो सकते हैं पैसेंजर और कार्गो ऑपरेशन्स
यह नई अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने से मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के यात्रियों को खाड़ी देशों की यात्रा के लिए एक बेहतरीन और समय बचाने वाला विकल्प मिल जाएगा। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अगले महीने से पैसेंजर और कार्गो दोनों ही क्षेत्रों में ग्लोबल कनेक्टिविटी के लिए पूरी तरह तैयार हो रहा है।
हाल ही में मुंबई में आयोजित ‘BCBA लॉजिस्टिक्स कॉन्क्लेव 2026’ के दौरान NMIA के चेयरमैन कैप्टन BVJK शर्मा ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि की थी। उन्होंने बताया था कि एयरपोर्ट का बुनियादी ढांचा पूरी तरह तैयार है और तय समय पर यहां से विमानों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
इंडिगो भी इंटरनेशनल फ्लाइट्स की रेस में शामिल
विमानन उद्योग के सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ-साथ देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) भी रेस में शामिल है। इंडिगो भी 15 जुलाई से ही इस एयरपोर्ट से अपनी इंटरनेशनल सर्विस शुरू करने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ लगातार बातचीत कर रही है।
बता दें कि एयर इंडिया एक्सप्रेस मौजूदा समय में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) से भी अबू धाबी के लिए अपनी बेहतरीन सेवाएं दे रही है। नए एयरपोर्ट से संचालन शुरू होने के बाद मुख्य मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानों का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
Author: Sachin Kulkarni


