World News: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अमेरिकी महिला का हैरान करने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग अमेरिकी हेल्थकेयर सिस्टम पर जमकर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। इसके साथ ही दुनिया भर के लोग भारतीय दवाओं की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
दरअसल विक्टोरिया नाम की एक अमेरिकी महिला को डॉक्टर ने छह जरूरी गोलियां लिखी थीं। जब वह इन जीवनरक्षक दवाओं को मेडिकल स्टोर से खरीदने गईं, तो कीमत सुनकर उनके होश उड़ गए। उनके हेल्थ इंश्योरेंस ने इस खास दवा का पूरा खर्च उठाने से साफ मना कर दिया था।
इस वजह से महिला को अपनी जेब से पूरे 1,000 डॉलर यानी 94,000 रुपए से अधिक की बड़ी रकम देनी पड़ रही थी। महज छह छोटी गोलियों के लिए इतनी मोटी रकम चुकाना किसी भी सामान्य नागरिक के लिए मुमकिन नहीं था। विक्टोरिया ने इतनी महंगी दवा खरीदने से तुरंत इनकार कर दिया।
डॉक्टर ने अमेरिकी महिला को बताया एक अनोखा भारतीय जुगाड़
जब महिला परेशान हो गई, तो उनके डॉक्टर ने उन्हें एक गजब का रास्ता सुझाया। डॉक्टर ने कहा कि वह अपना मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन एक कनाडाई फार्मेसी को ऑनलाइन भेज दें। वह फार्मेसी सीधे भारत से सस्ती और बेहतरीन जेनेरिक दवाएं अपने देश में इंपोर्ट करती है।
विक्टोरिया ने डॉक्टर की सलाह मानकर तुरंत ऐसा ही किया। उन्हें लगा था कि कनाडा से दवा मंगवाने पर भी कम से कम 100 या 200 डॉलर का खर्च तो आ ही जाएगा। लेकिन जब कंपनी ने उन्हें असली कीमत बताई, तो वह पूरी तरह हैरान रह गईं।
पीड़ित महिला ने बताया कि उस दवा की असल कीमत सिर्फ 10 डॉलर यानी 946 रुपए से कुछ अधिक थी। भारत से अमेरिका तक दवा सुरक्षित भेजने का इंटरनेशनल शिपिंग चार्ज 15 डॉलर यानी करीब 1,240 रुपए लगा। इस तरह कुल मिलाकर पूरा खर्च 25 डॉलर आया।
94 हजार रुपए वाली दवा घर बैठे महज दो हजार में मिली
जो दवा अमेरिका के मेडिकल स्टोर पर 94 हजार रुपए से अधिक में मिल रही थी, वही भारत से ऑर्डर करने पर घर बैठे सिर्फ 2,366 रुपए में मिल गई। इस भारी अंतर को देखकर विक्टोरिया का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने वीडियो बनाया।
उन्होंने अमेरिकी हेल्थकेयर सिस्टम की धज्जियां उड़ाते हुए कहा कि उनके देश का पूरा मेडिकल सिस्टम एक बड़ा मजाक बन चुका है। यहां आम मरीजों को सरेआम लूटा जा रहा है। जिस दवा के लिए मैंने भारत में सिर्फ 10 डॉलर दिए, उसके लिए यहां हजारों डॉलर मांगे जा रहे थे।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होते ही कमेंट्स की बाढ़ आ गई। लोग अमेरिकी फार्मा कंपनियों को कोसने लगे और भारत की सस्ती एवं प्रभावी दवाओं के मुरीद हो गए। एक यूजर ने लिखा कि भारत के स्थानीय बाजार में यह दवा शायद 100 रुपये में ही मिल जाती।
एक अन्य यूजर ने मजेदार सलाह देते हुए लिखा कि महंगे अमेरिकी सिस्टम को पैसे देने से अच्छा है कि आप भारत घूमने का एयर टिकट बुक करें। वहां एक हफ्ता छुट्टियां मनाएं, फार्मेसी से अपनी दवा लें और वापस आ जाएं, तब भी आपके पैसे बच जाएंगे।
Reported By: Pallavi Sharma


