Noida News: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सोमवार को एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पंद्रह जून को वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ होने जा रहा है।
इस बेहद ऐतिहासिक और भव्य कार्यक्रम में देश की जानी-मानी इंडिगो एयरलाइंस पहली लॉन्च कैरियर के रूप में अपनी उद्घाटन उड़ानों का संचालन करेगी। जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे दिल्ली-एनसीआर के लोगों का सफर बेहद आसान हो जाएगा।
लखनऊ, नोएडा और बेंगलुरु के बीच चलेंगी पहली फ्लाइट्स
जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार पहली उद्घाटन उड़ान संख्या सिक्स ई बाईस अठहत्तर सुबह सात बजकर पांच मिनट पर लखनऊ से उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान सुबह आठ बजकर पैंतीस मिनट पर नोएडा से बेंगलुरु के लिए रवाना होगा।
बेंगलुरु से वापसी में उड़ान संख्या सिक्स ई बाईस उन्यासी दोपहर तीन बजकर पैंतालीस मिनट पर उड़ान भरकर शाम छह बजकर बीस मिनट पर नोएडा पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान शाम छह बजकर पचपन मिनट पर नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होकर रात आठ बजे सूबे की राजधानी पहुंचेगी।
पश्चिमी यूपी और एनसीआर को मिला नया एविएशन हब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरगामी परिकल्पना के अनुरूप विकसित यह शानदार एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों के लिए एक नए एविएशन हब के रूप में स्थापित होगा। इंडिगो ने घोषणा की है कि वह चरणबद्ध तरीके से इस एयरपोर्ट को देश के सोलह से अधिक प्रमुख शहरों से जोड़ेगी।
जेवर एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के बदलते आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य का सबसे बड़ा प्रतीक माना जा रहा है। एक्सप्रेसवे, मेट्रो, डिफेंस कॉरिडोर और डेटा सेंटर की श्रृंखला में यह परियोजना मुख्यमंत्री के इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास मॉडल की एक बेहद महत्वपूर्ण और मजबूत कड़ी है।
Author: Ajay Mishra


