Chandigarh News: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं के बीच जारी सियासी घमासान अब एक बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। पार्टी के भीतर चल रहे गंभीर आरोप-प्रत्यारोप के बीच पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती और एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन अजय वर्मा ने बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित एक प्राइवेट लैब में जाकर अपना डोप टेस्ट करवाया है।
हाल ही में नीरज भारती ने अपनी ही सरकार और पार्टी संगठन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे। इस अनुशासनहीनता के बाद कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन अजय वर्मा ने मीडिया के सामने आकर संगठन का कड़ा पक्ष रखा था।
ओपन चैलेंज के बाद टेस्ट करवाने कांगड़ा से चंडीगढ़ पहुंचे नेता
अजय वर्मा के मीडिया वाले बयान से नाराज होकर निष्कासित नेता नीरज भारती ने उन्हें सीधे डोप टेस्ट करवाने का ओपन चैलेंज दे दिया था। वाइस चेयरमैन अजय वर्मा ने इस कड़ी चुनौती को तुरंत स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मेडिकल टेस्ट की पहले से कोई टेक्निकल जानकारी नहीं थी कि यह कैसे होता है।
अजय वर्मा ने बताया कि वह चुनौती पूरी करने के लिए सुबह कांगड़ा से बिना कुछ खाए-पिए सीधे चंडीगढ़ पहुंचे। उनके वहां पहुंचने के तुरंत बाद पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने भी उसी प्राइवेट लैब में अपना सैंपल देकर डोप टेस्ट करवाया। इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे से हिमाचल की सियासत में भारी हलचल मच गई है।
नशे की एक बूंद भी मिलने पर बड़ी सजा भुगतने का किया दावा
वाइस चेयरमैन अजय वर्मा ने टेस्ट के बाद मीडिया से बातचीत में बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि मैंने अपने पूरे जीवन में कभी शराब का सेवन तक नहीं किया है। ऐसे में किसी अन्य नशीले पदार्थ का तो कोई प्रश्न ही पैदा नहीं होता। मैं अपनी इस बात पर पूरी तरह अडिग हूं।
उन्होंने आगे कहा कि यदि मेडिकल रिपोर्ट के अंदर मेरे शरीर में शराब या किसी भी तरह के ड्रग्स की एक बूंद भी पाई जाती है, तो वह किसी भी कानूनी सजा को भुगतने के लिए सहर्ष तैयार हैं। वह हमेशा अपना सरकारी कार्य पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करते आए हैं।
नीरज भारती बोले- हमारे बीच कोई आपसी पर्सनल कंट्रोवर्सी नहीं
अजय वर्मा ने बड़े भाई के नाते नीरज भारती को सलाह दी कि जो भी राजनीतिक मुद्दे हैं, उन्हें आपस में बैठकर सुलझाना चाहिए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज भारती ने कहा कि अजय वर्मा हमारे बड़े भाई जैसे हैं। हमारे बीच व्यक्तिगत तौर पर कोई आपसी कंट्रोवर्सी या दुश्मनी नहीं थी।
नीरज भारती ने कहा कि बातचीत से समाधान निकालने की कोशिश पहले भी की गई थी। लेकिन जब उठाए गए मुख्य मुद्दों का जवाब देने के बजाय निजी हमले शुरू हो जाते हैं, तो कई बातें बोलनी पड़ती हैं। उन्होंने साफ किया कि वह हिमाचल से बाहर किसी भी राज्य में हर मेडिकल टेस्ट के लिए तैयार हैं।
Reported By: Harikarishan Sharma


