Punjab News: पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर कीरतपुर साहिब के पास एक बेहद अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। यहां निहंग सिखों के एक ग्रुप ने हिमाचल सरकार द्वारा वसूले जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में अपना एक प्रतीकात्मक ‘खालसा टोल’ शुरू कर दिया।
बुधवार को ‘मिसल साहिबजादा बाबा जुझार सिंह जी चमकौर साहिब’ के बैनर तले इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आयोजन हुआ। महाकाल जत्थेदार बाबा अचर सिंह ने इस पूरे विरोध मार्च का नेतृत्व किया। प्रदर्शनकारियों ने अंतर-राज्यीय सीमा के नजदीक एक अस्थाई केबिन बनाकर आने-जाने वाले वाहनों से स्वैच्छिक फंड जुटाया।
एंट्री टैक्स बूथ की दूरी पर उठाए गंभीर सवाल
बाबा अचर सिंह ने आरोप लगाया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी के मुख्य टोल प्लाजा से महज 200 मीटर की दूरी पर राज्य सरकार ने अपना टैक्स बूथ लगाया है। इससे आम ड्राइवरों और यात्रियों पर दोहरा आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इस टैक्स बूथ की वैधता को लेकर हाई कोर्ट में केस भी चल रहा है।
सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस विशेष अभियान में कुल 4,000 रुपये जमा हुए। ड्राइवरों ने अपनी मर्जी से 10 रुपये से लेकर 200 रुपये तक का डोनेशन दिया। निहंग सिखों का कहना है कि इस चैरिटी फंड को समाजसेवा और जन कल्याण के कार्यों में खर्च करेंगे।
जत्थेदार ने स्पष्ट किया कि यह मुहिम पूरी तरह स्वैच्छिक थी और किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ। पंजाब, हिमाचल या अन्य राज्यों की गाड़ियों को बिना किसी रोक-टोक के जाने दिया गया। जब हाईवे पर ट्रैफिक बढ़ा, तो उन्होंने सभी वाहनों को बिना पैसे लिए तुरंत आगे रवाना कर दिया।
प्रशासन और पुलिस ने प्रदर्शन को बताया पूरी तरह सुरक्षित
कीरतपुर साहिब पुलिस स्टेशन के एसएचओ राहुल शर्मा ने बताया कि उन्हें जबरन वसूली की कोई शिकायत नहीं मिली है। लोगों ने अपनी मर्जी से ऑनलाइन या कैश माध्यम से योगदान दिया। आनंदपुर साहिब के एसडीएम सुखपाल सिंह ने भी पुष्टि की कि कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।
Author: Gurpreet Singh


