World News: अमेरिका के फिलाडेल्फिया से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। हैदराबाद के रहने वाले एक अट्ठाईस वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की पिज्जा डिलीवरी करने के दौरान कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह खौफनाक वारदात पांच जून को हुई है।
इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही हैदराबाद के गुंडलापोचमपल्ली इलाके में रहने वाले मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। न्यूयार्क में मौजूद भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सोची-समझी साजिश के तहत वारदात को दिया अंजाम
मृतक अंशुल कुंचा की बहन तन्वी ने रोते हुए मीडिया को इस भयावह घटना की पूरी सच्चाई बताई है। तन्वी के मुताबिक अंशुल उत्तरी फिलाडेल्फिया की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते थे। वह वीकेंड पर कुछ अतिरिक्त कमाई करने के लिए पिज्जा डिलीवरी का पार्ट-टाइम काम भी करते थे।
तन्वी ने बताया कि अंशुल को पिज्जा पहुंचाने के लिए एक बिल्कुल सुनसान इलाके में भेजा गया था। हमलावरों ने उनके सिर में तीन गोलियां मारीं और उन्हें सड़क पर तड़पने के लिए छोड़ दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि अंशुल के पास से कोई लूटपाट नहीं की गई थी।
विदेश मंत्रालय से शव भारत लाने की भावुक गुहार
पीड़ित परिवार ने इस मामले में अमेरिकी प्रशासन से सख्त न्याय की मांग की है। इसके साथ ही तन्वी ने भारत के विदेश मंत्रालय से भावुक अपील की है। उन्होंने सरकार से अंशुल के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने का इंतजाम करने का आग्रह किया है।
अमेरिकी मीडिया की खबरों के मुताबिक दो नकाबपोश बंदूकधारियों ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि अंशुल करीब चार साल पहले पढ़ाई के लिए अमेरिका गए थे। पढ़ाई पूरी होने के बाद वह वहीं नौकरी कर रहे थे। इस घटना से हर कोई स्तब्ध है।
Author: Pallavi Sharma


