Tech News: टेक्नोलॉजी की दुनिया में सुरक्षा का मसीहा माना जा रहा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) खुद हैकर्स का हथियार बन गया है। सोशल मीडिया दिग्गज मेटा के अपने ही एआई सपोर्ट चैटबोट में एक बेहद खतरनाक सुरक्षा चूक सामने आई है। इसके जरिए कई हाई-प्रोफाइल अकाउंट हैक हो गए हैं।
बराक ओबामा का अकाउंट भी हुआ प्रभावित
शातिर हैकर्स ने मेटा के इस नए एआई सपोर्ट बोट को अपनी बातों में फंसाकर कई बड़े इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर अवैध कब्जा कर लिया है। प्रभावित हुए खातों की लिस्ट में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का आधिकारिक वाइट हाउस अकाउंट और दुनिया के कई नामचीन ब्रांड्स भी शामिल हैं।
बिना वेरिफिकेशन पासवर्ड बदलने की मिली छूट
मेटा ने अपने यूजर्स की सुविधा के लिए यह खास एआई सपोर्ट बोट पेश किया था। इसका काम पासवर्ड रीसेट करना और अकाउंट की दिक्कतों को दूर करना था। हालांकि, हैकर्स ने खोज निकाला कि यह बोट बिना किसी कड़े सिक्योरिटी वेरिफिकेशन के ही पासवर्ड बदलने की अनुमति दे रहा था।
वीपीएन का इस्तेमाल कर ऐसे जाल में फंसाया
हैकर्स सबसे पहले टारगेट किए गए इंस्टाग्राम यूजर की लोकेशन को मैच करने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल करते थे। इसके बाद वे लॉगइन पेज पर जाकर ‘फॉरगॉट पासवर्ड’ के जरिए एआई सपोर्ट से संपर्क करते थे। वे बोट से कहते थे कि उनका रजिस्टर्ड ईमेल आईडी अब पूरी तरह बदल चुका है।
टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन भी हुआ पूरी तरह फेल
हैकर्स की बात मानकर एआई बोट नया वेरिफिकेशन कोड उनके नए ईमेल पर भेज देता था। इस पूरी ट्रिक में सबसे डराने वाली बात यह रही कि यूजर्स का टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) भी फेल हो गया। एआई बोट ने सुरक्षा के इस कड़े नियम को पूरी तरह से बायपास कर दिया था।
मेटा ने खामी को सुधारने के लिए जारी किया पैच
इस सुरक्षा चूक की खबर वायरल होते ही मेटा के कम्युनिकेशंस हेड एंडी स्टोन ने अपनी बड़ी तकनीकी खामी को स्वीकार किया। कंपनी ने तुरंत एक इमरजेंसी पैच जारी करके इस लूपहोल को बंद कर दिया है। प्रभावित हुए सभी बड़े वीआईपी अकाउंट्स को दोबारा रिकवर किया जा रहा है।
भविष्य में इस तरह की एआई चूक से बचने के लिए यूजर्स को खुद भी काफी सतर्क रहना होगा। अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स में हमेशा मजबूत और बिल्कुल यूनिक पासवर्ड का इस्तेमाल करें। साथ ही अपनी इंस्टाग्राम सेटिंग्स में जाकर समय-समय पर ‘लॉगइन एक्टिविटी’ को जरूर मॉनिटर करते रहें।
Mohit


