Nepal News: नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक ऐतिहासिक घटना घटी है। जिस पुलिस मुख्यालय का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और गृहमंत्री रमेश लेखक ने किया था, उसी भवन में शनिवार को उन्हें आरोपित के रूप में हिरासत में लाया गया। ओली और लेखक ने 25 अगस्त 2024 को काठमांडू के भद्रकाली में जिला पुलिस मुख्यालय का उद्घाटन किया था। करीब 19 महीने बाद उन्हें वहीं गिरफ्तार कर लाया गया।
प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलवाने का आरोप
पूर्व प्रधानमंत्रीओली और पूर्व गृहमंत्री लेखक पर आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलवाकर हत्या कराई। यह घटना 8 सितंबर 2025 को हुए जेन जी प्रदर्शन के दौरान हुई थी। पुलिस की गोली से 27 छात्रों की मौत हो गई थी। इस पूरे घटनाक्रम में कुल 76 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग ने ओली और लेखक को इन मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
बालेन्द्र सरकार के पहले फैसले में गिरफ्तारी
नेपाल मेंशुक्रवार को बालेन्द्र सरकार बनी। पहली कैबिनेट बैठक में ही ओली और लेखक को गिरफ्तार करने का फैसला किया गया। शनिवार सुबह दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस समय ओली को काठमांडू के शिक्षण अस्पताल में रखा गया है। वहीं पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक उसी पुलिस भवन में हिरासत में बंद हैं, जिसका उन्होंने खुद उद्घाटन किया था। इस घटना से नेपाल की सियासत में हलचल मच गई है।


