हिमाचल की वादियों में पसरा सन्नाटा: गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की कार, दो परिवारों के 8 लोगों की दर्दनाक मौत

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बहुत ही दुखद और दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां के दुर्गम चुराह उपमंडल में पर्यटकों से भरी एक एर्टिगा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भयानक हादसे में छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के 7 सदस्यों समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई।

यह दुखद घटना 29 मई की आधी रात को बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर हुई। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखने वाले ये पर्यटक हिमाचल की हसीन वादियों में घूमने आए थे और डलहौजी के एक होटल में ठहरे हुए थे।

होटल वापस न लौटने पर खुला इस बड़े हादसे का राज

ये सभी पर्यटक 29 मई की सुबह साच पास की ओर साइटसीइंग के लिए निकले थे। योजना के अनुसार उन्हें उसी शाम तक डलहौजी के होटल में वापस लौटना था। जब देर रात तक वे वापस नहीं आए और उनके मोबाइल फोन भी आउट ऑफ रीच आने लगे, तो होटल प्रबंधन को अनहोनी की आशंका हुई।

होटल प्रबंधन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस प्रशासन ने बिना वक्त गंवाए मोबाइल लोकेशन और रूट के आधार पर तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि पर्यटकों की कार मुख्य सड़क से फिसलकर सैकड़ों फीट नीचे गहरी खाई में जमींदोज हो चुकी है।

खाई इतनी गहरी कि पूरी गाड़ी के उड़ गए परखच्चे

खाई में कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि दुर्घटनास्थल एक बहुत ही दुर्गम और संकरा क्षेत्र है। इसके चलते रेस्क्यू टीमों को मलबे तक पहुंचने में काफी लंबा और कठिन वक्त लगा।

खाई की गहराई को देखते हुए कार में सवार किसी भी व्यक्ति के जीवित बचने की कोई संभावना नहीं बची थी। इस भीषण सड़क हादसे ने छत्तीसगढ़ के दो हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

चंबा में एक ही महीने के भीतर हुआ यह दूसरा बड़ा हादसा

चंबा जिले की घुमावदार और संकरी सड़कों पर पर्यटकों के साथ एक ही महीने के भीतर यह दूसरा बड़ा और दर्दनाक हादसा है। इससे पहले 10 मई की रात को भटियात उपमंडल के ककीरा-लाहड़ू मार्ग पर बारिश के दौरान एक इनोवा गाड़ी गहरी खाई में गिर गई थी।

उस हादसे में गुजरात के 6 पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। पहाड़ी रास्तों पर लगातार होते ये हादसे कहीं न कहीं सुरक्षा और दुर्गम मार्गों पर ड्राइविंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की गंभीर चेतावनी दे रहे हैं।

Author: Sunita Gupta

Hot this week

Shimla Secretariat News: नए सीएम कार्यालय के लिए सचिवालय में बड़ा बदलाव, अस्थायी दफ्तर से चलेगा कामकाज

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय के...

Related Articles

Popular Categories