कर्नाटक में बड़ा सियासी उलटफेर, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया देंगे इस्तीफा, डीके शिवकुमार का नए सीएम बनने का रास्ता हुआ साफ

Bengaluru News: कर्नाटक की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य में पिछले लंबे समय से जारी अंदरूनी सियासी खींचतान के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा देने का बड़ा ऐलान कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश की सियासत में भारी हलचल मच गई है।

सिद्धारमैया ने यह ऐतिहासिक फैसला अपने मंत्रियों के साथ सरकारी आवास ‘कावेरी’ पर आयोजित एक महत्वपूर्ण ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान लिया। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार समेत कैबिनेट के तमाम वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे। इस बैठक में सरकार के आगामी नेतृत्व को लेकर गंभीर चर्चा हुई।

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ब्रेकफास्ट मीटिंग में बेहद भावुक अंदाज में अपने मंत्रियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देशानुसार वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। हाईकमान अब उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में एक नई और बड़ी भूमिका देने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

डीके शिवकुमार ने छुए पैर तो सिद्धारमैया ने लगाया गले

इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान बेहद भावुक और दिलचस्प नजारा देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने आगे बढ़कर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद सिद्धारमैया ने भी गर्मजोशी दिखाते हुए शिवकुमार को गले लगा लिया। दोनों बड़े नेताओं की यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं।

सरकारी आवास पर आयोजित इस विदाई नाश्ते के मेन्यू में कर्नाटक के कई पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजन शामिल थे। मंत्रियों के लिए विशेष रूप से इडली, वड़ा, मसाला डोसा, खारा पोंगल, केसरीबाथ, उप्पित, सागू, सांभर और विशेष चटनी परोसी गई। इसके साथ ही गरमा-गरम चाय और कॉफी का भी इंतजाम था।

एच के पाटिल का दावा शिवकुमार संभालेंगे कमान

बैठक खत्म होने के तुरंत बाद कर्नाटक सरकार के वरिष्ठ मंत्री एच के पाटिल ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दोपहर ठीक तीन बजे अपना इस्तीफा सौंप देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सिद्धारमैया ने खुद डीके शिवकुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने की बात कही है।

सिद्धारमैया आज दोपहर तीन बजे लोकभवन जाकर राजभवन सचिवालय को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। वर्तमान राज्यपाल के बेंगलुरु में मौजूद न होने के कारण यह इस्तीफा सीधे सचिवालय को दिया जाएगा। सिद्धारमैया के इस बड़े कदम के बाद डीके शिवकुमार का कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनना पूरी तरह तय हो गया है।

Author: Harikarishan Sharma

Hot this week

Related Articles

Popular Categories