Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में ब्यास नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बर्फ पिघल रही है। इस वजह से पंडोह डैम का जलस्तर तेजी से बढ़कर करीब 2933 फीट तक पहुंच गया है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
बीबीएमबी ने ब्यास नदी में छोड़ा भारी पानी
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बीबीएमबी प्रबंधन अब पंडोह डैम से नियंत्रित तरीके से लगभग 3000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में जलस्तर और ज्यादा बढ़ सकता है।
बीबीएमबी के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि अचानक पानी छोड़ने से नदी के निचले हिस्सों में जलस्तर एक से दो मीटर तक बढ़ जाएगा। इसलिए बोर्ड और जिला प्रशासन ने मिलकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों से भी नदी किनारों से दूर रहने की सख्त अपील की है।
मंडी और हमीरपुर समेत कई जिलों में चेतावनी
प्रशासन ने हिमाचल के मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों के नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी को कहा है। अधिकारियों ने पर्यटकों को नदी किनारे घूमने, फोटोग्राफी करने या पशुओं को चराने के लिए नदी तल में जाने से साफ मना किया है, ताकि किसी हादसे से बचा जा सके।
इसके अलावा नदी किनारे मशीनरी और उपकरणों के साथ काम कर रहे ठेकेदारों और श्रमिकों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल सरकारी और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है।
Author: Sunita Gupta


