Technology News: इंटरनेट की दुनिया में एक क्रांतिकारी बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। जापान के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा 6G प्रोटोटाइप डिवाइस विकसित किया है, जिसने वायरलेस इंटरनेट की गति के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यह तकनीक भविष्य में डाउनलोडिंग और स्ट्रीमिंग के अनुभव को पूरी तरह से बदलने वाली है, जो मौजूदा 5G नेटवर्क से कहीं आगे है।
नई तकनीक के जरिए वैज्ञानिकों ने 112 Gbps की अविश्वसनीय वायरलेस इंटरनेट स्पीड हासिल की है। यह रफ्तार वर्तमान में उपयोग किए जा रहे 5G नेटवर्क की तुलना में लगभग 20 गुना अधिक है। लंबे समय से वैज्ञानिक 6G नेटवर्क के लिए उच्च फ्रीक्वेंसी की तलाश कर रहे थे, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक सर्किट की सीमाएं इसमें बड़ी बाधा बन रही थीं।
इलेक्ट्रॉनिक सीमाओं को तोड़कर रचा इतिहास
आम तौर पर जब सिग्नल की फ्रीक्वेंसी 350 GHz के पार जाती है, तो डिजिटल शोर (Phase Noise) बढ़ने के कारण डेटा ट्रांसमिशन में बाधा आती है। तोकुशिमा यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ताकेशी यासुई और उनकी टीम ने इस चुनौती का समाधान खोज लिया है। उन्होंने 560 GHz के बैंड पर बिना किसी रुकावट के डेटा ट्रांसफर करके एक मील का पत्थर स्थापित किया है।
इस अभूतपूर्व सफलता का मुख्य आधार ‘फोटोनिक्स’ यानी प्रकाश का उपयोग है। वैज्ञानिकों ने ‘ऑप्टिकल माइक्रोकॉम्ब’ नाम के एक छोटे से डिवाइस का इस्तेमाल किया है, जो हाई-टेक लेजर रूलर की तरह कार्य करता है। यह डिवाइस अत्यंत स्थिर प्रकाश किरणें पैदा करता है, जिससे डिजिटल शोर न्यूनतम हो जाता है और टेराहर्ट्ज सिग्नल के जरिए डेटा सुपरफास्ट गति से दौड़ता है।
अब लैब से आम लोगों तक पहुंचेगी तकनीक
पहले लेजर तकनीक में कंपन के कारण कनेक्शन टूटने का डर रहता था, लेकिन जापानी टीम ने इसका भी तोड़ निकाल लिया है। उन्होंने ऑप्टिकल फाइबर को सीधे एक सिलिकॉन नाइट्राइड माइक्रोरेजोनरेटर चिप के साथ जोड़ दिया है। इस नवाचार के कारण भारी-भरकम लैब सेटअप अब एक छोटी सी चिप में सिमट गया है, जिससे इसे व्यावसायिक उपयोग में लाना आसान होगा।
इसके अलावा, इस डिवाइस में एक तापमान नियंत्रक भी लगाया गया है, ताकि बाहरी वातावरण का इंटरनेट की गति पर कोई नकारात्मक असर न पड़े। यह 6G तकनीक न केवल इंटरनेट को सुपरफास्ट बनाएगी, बल्कि आने वाले समय में रीयल-टाइम डेटा ट्रांसफर और जटिल डिजिटल कार्यों को पल भर में पूरा करने की क्षमता प्रदान करेगी। यह तकनीक अब व्यापक स्तर पर विस्तार के लिए तैयार है।
Author: Mohit

