Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में वन विभाग ने खनन माफिया के खिलाफ आधी रात को बड़ा एक्शन लिया है। नाहन वन मंडल के तहत आने वाली दो रेंजों की टीमों ने कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर संयुक्त छापेमारी की। विभाग की इस औचक कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में भारी हड़कंप मच गया है।
डीएफओ की अगुवाई में आधी रात चला सर्च ऑपरेशन
डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय के सख्त आदेश पर नाहन और कोलर रेंज की टीमें मंगलवार-बुधवार की रात करीब एक बजे सड़कों पर उतरीं। वन मंडलाधिकारी खुद इस पूरी कार्रवाई की कमान संभाल रहे थे। सुबह सात बजे तक चले इस विशेष अभियान के तहत कटासन, दोसड़का, सैनवाला और कालाअंब में कड़े नाके लगाए गए।
वन विभाग की यह छापेमारी इतनी गोपनीय थी कि अवैध उपखनिज लेकर आ रहे वाहन चालकों को भागने का रास्ता नहीं मिला। खुद को चारों तरफ से घिरा देख कई टिप्पर और डंपर चालक डर गए। वे हाईवे पर ही अवैध रेत, बजरी और पत्थरों को पलटकर गाड़ियों समेत मौके से फरार हो गए।
सैनवाला और मोगीनंद हाईवे पर मिले खनिज के ढेर
सैनवाला, आमवाला और मोगीनंद क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध खनन सामग्री के बड़े-बड़े ढेर लगे मिले। वन विभाग ने इस पूरी घटना की जानकारी तुरंत संबंधित पुलिस थानों को दे दी है। इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान टीमों ने करीब 100 से अधिक संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच की।
वन विभाग ने अवैध खनन में शामिल 8 वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि एक वाहन को मौके पर ही कंपाउंड किया गया। वन मंडलाधिकारी नाहन अवनी भूषण राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाका तोड़कर भागे वाहनों की नंबर प्लेट से पहचान की जा रही है।
Author: Sunita Gupta


