Uttar Pradesh News: आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र में रुपये के लेन-देन को लेकर जातिवादी गुंडों ने मानवता की सारी हदें पार कर दी हैं। जातिवादी गुंडों ने एक दलित परिवार के घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया और विरोध करने पर एक महिला को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
घर से खींचकर गली में लात-घूंसों से पीटा
यह खौफनाक वारदात गढ़ी धनीराम बीलपुरा गांव की है। पीड़ित महिला मधु ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर उनके पड़ोसी सुखविंदर जादौन, हेमेंद्र जादौन, अमन बघेल और योगेश ठाकुर जबरन उनके घर में घुस आए। वे गाली-गलौज करते हुए ब्याज के पैसों की मांग करने लगे।
विरोध करने पर सरेआम सड़क पर दी यातनाएं
जब पीड़ित महिला ने गंदी गालियों का कड़ा विरोध किया, तो गुस्से में आए जातिवादी गुंडों ने उसे घर से बाहर खींच लिया। आरोपियों ने महिला को बीच गली में गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस बर्बर हमले से महिला सड़क पर तड़पने लगी।
बचाने आए पति को कार में अगवा करने की कोशिश
पत्नी के चीखने की आवाज सुनकर जब पति रामनिवास उन्हें बचाने दौड़े, तो जातिवादी गुंडों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। जातिवादी गुंडों ने पीड़ित के पति को जबरन अपनी कार में डालकर किडनैप करने का भी असफल प्रयास किया।
शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण तो जान से मारने की धमकी
चीख-पुकार और हंगामा सुनकर जब आस-पास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, तो चारों आरोपी डर गए। वे पीड़ित परिवार को जातिसूचक गालियां देते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
दहशत फैलाने वाला 26 सेकेंड का वीडियो वायरल
इस पूरी हैवानियत का मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने 26 सेकेंड का एक वीडियो बना लिया था। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जातिवादी गुंडों की गुंडागर्दी साफ देखी जा सकती है जिससे लोगों में भारी गुस्सा है।
मेडिकल जांच के बाद चार नामजद दबंगों पर केस दर्ज
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि रुपयों के विवाद में यह मारपीट हुई है। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Author: Ajay Mishra


