Kullu Drugs News: कुल्लू की खूबसूरत वादियों में चल रहा था मौत का काला धंधा, एसटीएफ ने रेड मारकर नष्ट किए लाखों अफीम के पौधे

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ कुल्लू की टीम ने बंजार उपमंडल में अचानक छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

एसटीएफ ने बंजार के मशियार गांव में की छापेमारी

एसटीएफ कुल्लू को बठाहड़ क्षेत्र के मशियार गांव में बड़े पैमाने पर अफीम उगाने की खबर मिली थी। डीएसपी हेमराज वर्मा की अगुवाई में गठित दो विशेष टीमों ने तुरंत इलाके में घेराबंदी कर दबिश दी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर पूरी तरह हैरान रह गई।

पुलिस टीम को वहां करीब 12 बीघा निजी भूमि पर अफीम की लहलहाती फसल दिखाई दी। यह अवैध खेती कुल 30 सीढ़ीनुमा खेतों में फैली हुई थी। एसटीएफ के जवानों ने तुरंत कड़ा एक्शन लेते हुए मौके पर ही 4 लाख 32 हजार 522 अफीम के पौधों को जड़ से उखाड़कर पूरी तरह नष्ट कर दिया।

नशा माफिया के खिलाफ एसटीएफ का बड़ा एक्शन प्लान

बंजार पुलिस थाने में इस मामले के आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुल्लू एसटीएफ नशा माफिया के खिलाफ लगातार बेहद आक्रामक अभियान चला रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार पुलिस अब तक 37 बीघा जमीन पर उगे 10 लाख 58 हजार से ज्यादा पौधों को नष्ट कर चुकी है।

अफीम की इस अवैध खेती के धंधे में शामिल अपराधियों के खिलाफ अब तक कुल 10 मामले दर्ज किए गए हैं। डीएसपी हेमराज वर्मा ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की नशीली गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

Author: Sunita Gupta

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories