Entertainment News: हॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री मेरिल स्ट्रीप एक बार फिर अपनी लव लाइफ को लेकर इंटरनेट पर सुर्खियां बटोर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 76 साल की उम्र में ऑस्कर विजेता एक्ट्रेस की जिंदगी में दोबारा प्यार ने दस्तक दी है। वह इन दिनों अपने खास दोस्त को डेट कर रही हैं।
एक्ट्रेस मेरिल स्ट्रीप और उनके को-स्टार मार्टिन शॉर्ट की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इन दोनों कलाकारों ने सुपरहिट वेब सीरीज ‘ओनली मर्डर इन द बिल्डिंग’ में एक साथ काम किया था। शो के बाद से ही इनके अफेयर की चर्चा तेज हुई थी।
लंदन के रेस्टोरेंट में कपल ने स्पेंड किया प्राइवेट टाइम
एक लंबे अंतराल के बाद मेरिल स्ट्रीप और मार्टिन शॉर्ट को लंदन के एक रेस्टोरेंट में डिनर डेट पर साथ देखा गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल फोटो में दोनों कलाकार एक-दूसरे के काफी करीब बैठे हैं। वहां वे फुर्सत के पल बिताते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस वायरल तस्वीर में मेरिल स्ट्रीप ने मार्टिन के कंधे पर अपना सिर रखा हुआ है। दोनों कलाकार मोबाइल स्क्रीन पर कुछ देखते हुए मुस्कुरा रहे हैं। एक प्रशंसक ने इस खूबसूरत पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करके उनके रिश्ते की पुष्टि करने का दावा किया है।
अफेयर की चर्चाओं के बीच कपल ने दी अपनी प्रतिक्रिया
हॉलीवुड के इन दोनों वरिष्ठ कलाकारों की रोमांटिक बॉन्डिंग पर फैंस जमकर अपना प्यार लुटा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मेरिल और मार्टिन ने साल 2024 में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। इसके बाद वे गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स समेत कई बड़े इवेंट्स में साथ दिखे।
हालांकि अभिनेता मार्टिन शॉर्ट ने पहले इन रोमांटिक अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया था। खुद मेरिल स्ट्रीप ने भी मीडिया के सामने कहा था कि वे केवल बहुत अच्छे दोस्त हैं। लेकिन उनकी नई तस्वीरों ने इस रिश्ते को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।
शादी के 45 साल बाद टूटा था पुराना रिश्ता
मार्टिन शॉर्ट के साथ नाम जुड़ने से पहले मेरिल स्ट्रीप की शादी मूर्तिकार डॉन ग्रमर के साथ हुई थी। दोनों ने साल 1978 में शादी की थी। लेकिन आपसी मतभेदों के चलते शादी के 45 साल बाद साल 2017 में उनका पुराना रिश्ता पूरी तरह से टूट गया था।
साल 2023 में एक्ट्रेस के करीबी सूत्रों ने पति से उनके आधिकारिक तौर पर अलग होने की खबरों की पुष्टि की थी। हालांकि दोनों ने कानूनी तौर पर तलाक नहीं लिया था। मेरिल स्ट्रीप के इस लंबी शादी से कुल चार बच्चे हैं जो अपनी जिंदगी में सेटल हैं।
‘द डेविल वीयर्स प्राडा 2’ से पर्दे पर वापसी करेंगी एक्ट्रेस
मेरिल स्ट्रीप जल्द ही अपनी मशहूर फिल्म के सीक्वल ‘द डेविल वीयर्स प्राडा 2’ में नजर आने वाली हैं। वह एक बार फिर से स्क्रीन पर मिरांडा प्रेस्ली का आइकॉनिक किरदार निभाएंगी। फैंस उनके इस दमदार रोल का सिनेमाघरों में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Author: Manisha Thakur


