Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के झूठे आंकड़ों से जनता को गुमराह कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ऐसा इसलिए कर रहे हैं ताकि आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी को बड़े नुकसान से बचाया जा सके। गारंटियों और योजनाओं को लेकर झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री अब सीधे चुनाव के नतीजों पर भी झूठ परोस रहे हैं।
सराज में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रणनीति तैयार
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। इस शानदार प्रदर्शन के बाद कांग्रेस सरकार के खिलाफ विदाई की शहनाई बज चुकी है। हालांकि, मुख्यमंत्री में इस शोर को सुनने का साहस बिल्कुल नहीं है।
उन्होंने मंगलवार को अपने सराज प्रवास के दौरान शंकरदेहरा में जिला परिषद ब्रयोगी वार्ड और जरोल वार्ड में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के लिए महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और सघन जनसंपर्क अभियान पर विस्तृत चर्चा की।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र के सभी चार वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की ऐतिहासिक विजय पूरी तरह निश्चित है। कांग्रेस नेता अपनी हार को छिपाने के लिए सोशल मीडिया और मीडिया के सामने आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं।
बीजेपी ने बिना सिंबल उतारे थे 60 फीसदी से अधिक विजेता
प्रशासनिक और राजनीतिक स्पष्टता देते हुए जयराम ठाकुर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने बकायदा अधिकृत सूची जारी की थी। पार्टी ने बिना सिंबल के अपने मजबूत प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे थे, जिनमें से 60 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज की है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ेगा। इसके साथ ही जिला परिषद, पंचायत तथा पंचायत समिति के चुनावों में भी पूरी तरह से कांग्रेस सरकार के खिलाफ ही प्रचंड जनमत आएगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का आज ऐसा कोई भी वर्ग नहीं बचा है, जो इस सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त न हो। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केवल दिल्ली हाईकमान को खुश करने के लिए मनगढ़ंत आंकड़े परोस रहे हैं। जनता उन्हें आईना दिखा चुकी है।
Author: Harikarishan Sharma


