Delhi News: देशभर में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मंगलवार को भारत दुनिया के सबसे गर्म इलाकों में शामिल नजर आया। दोपहर को जारी लाइव तापमान रैंकिंग में दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में भारतीय शहरों का दबदबा देखने को मिला।
उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक तेज लू और झुलसा देने वाली गर्मी ने नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। इस वैश्विक सूची में सिर्फ छोटे कस्बे ही नहीं बल्कि देश के कई बड़े महानगर और वीआईपी शहर भी प्रमुखता से शामिल रहे।
दिल्ली-एनसीआर समेत इन बड़े शहरों में खतरनाक स्तर पर पारा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़, आगरा, वाराणसी और प्रयागराज जैसे बड़े शहरों में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। दोपहर के समय दिल्ली, गुरुग्राम और रोहतक में पारा करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं आगरा, ग्वालियर, जम्मू और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख शहरों में तापमान 43 डिग्री के आसपास पहुंच गया। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। औरैया, बांदा और इटावा दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे।
इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा अलीगढ़ और मैनपुरी में भी पारा 45 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में भी गर्म हवाओं का घातक असर साफ दिखाई दिया।
हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में लू के थपेड़ों से सड़कें सुनसान
भीषण तपन के कारण दोपहर के समय शहरों की सड़कें पूरी तरह सुनसान नजर आईं। लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं। हरियाणा के कुरुक्षेत्र, पानीपत और करनाल में भी तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया।
पंजाब के जालंधर और बठिंडा में भी तेज गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। सतना और हिसार जैसे शहरों में भी पारा 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शुष्क हवाओं का असर बढ़ने से तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है। कई राज्यों में बारिश की संभावना फिलहाल बहुत कम है। यही वजह है कि रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा है।
मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए जारी की गंभीर चेतावनी
तेज धूप और लू के कारण लोगों को डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और थकान जैसी शारीरिक समस्याएं हो रही हैं। डॉक्टरों ने दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 मई से 24 मई तक गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहने की आशंका है।
मौसम विभाग ने शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए। धूप में निकलते समय सिर और चेहरे को ढककर रखें। हल्के सूती कपड़े पहनें और दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर जाने से बचें।
Author: Shilla Bhatia


