Delhi News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के मौसम को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली चेतावनी जारी की है। इस समय भारत में मौसम के दो एकदम अलग और खतरनाक रूप देखने को मिल रहे हैं। जहां एक तरफ देश के 24 राज्यों में भारी आंधी और मूसलाधार बारिश आफत मचाने वाली है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई मैदानी राज्य भीषण लू की चपेट में आने वाले हैं।
अंडमान सागर में मानसून की धमाकेदार एंट्री, केरल पहुंचने की तारीख तय
इस भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने मानसून की धमाकेदार एंट्री की पुष्टि कर दी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व, अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के विजयपुरम जैसे इलाकों में पूरी तरह प्रवेश कर लिया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 26 मई तक मानसून केरल के तट पर दस्तक दे देगा। हालांकि इस साल अल नीनो के मजबूत होने से सामान्य से कम बारिश की आशंका है।
पूर्वोत्तर भारत के इन राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के एक्टिव होने से प्रणालियां काफी मजबूत हो गई हैं। इसके कारण असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई और फिर 20 से 22 मई के बीच मौसम बहुत खराब रहेगा। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और साथ ही भारी बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में 70 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के केरल, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु के लिए भी गंभीर चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में 20 मई तक 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भयंकर आंधी चलने की आशंका है। इसके अलावा पूर्वी और मध्य भारत के पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में हल्की से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में चढ़ेगा पारा, छाए रहेंगे आंशिक बादल
देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में इस हफ्ते भीषण गर्मी का टॉर्चर झेलना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई तक तापमान में लगातार रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की धूलभरी आंधी और बहुत मामूली बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
मैदानी इलाकों में बढ़ेगी उमस, 30 से 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
दिल्ली में मौसम में बदलाव के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की जाएगी। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में भी 18 से 22 मई के बीच तापमान बढ़ने के साथ-साथ भयंकर उमस और गर्मी लोगों को बेहाल करेगी।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में चलेगी जानलेवा ‘भीषण लू’
मौसम विभाग ने 17 से 22 मई के बीच देश के कई मैदानी इलाकों में भीषण लू की गंभीर चेतावनी जारी की है। पश्चिमी राजस्थान में 21 और 22 मई को पारा सारे रिकॉर्ड तोड़ सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश में 19 से 22 मई के बीच ‘भीषण लू’ चलने की आशंका जताई गई है। मध्य प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भी 22 मई तक सूरज की तपिश और लू का घातक प्रकोप लगातार बना रहेगा।


