West Bengal Annapurna Bhandar Scheme: बंगाल की महिलाओं की खुली किस्मत, हर महीने मिलेंगे 3000 रुपये और फ्री बस सफर का तोहफा

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अगुवाई में हुई कैबिनेट की दूसरी बैठक में महिलाओं के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। सरकार ने महिलाओं के लिए ‘अन्नपूर्णा भंडार योजना’ और मुफ्त बस सेवा को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत सूबे की महिलाओं को एक जून से आर्थिक मदद मिलेगी।

बंगाल की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 3,000 रुपये

कैबिनेट के नए फैसलों के लागू होते ही पश्चिम बंगाल की पात्र महिलाओं को एक जून से हर महीने 3,000 रुपये की सम्मान राशि मिलेगी। इसके साथ ही राज्य सरकार ने आधी आबादी को एक और बड़ा तोहफा दिया है। अब एक जून से सभी महिलाएं सरकारी बसों में पूरी तरह मुफ्त सफर कर सकेंगी।

राज्य की कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पाल ने इस योजना को लेकर एक अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं का नाम पहले से लक्ष्मी भंडार योजना में दर्ज है, उन्हें इस नई अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ लेने के लिए दोबारा नया फॉर्म भरने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

मदरसों को मिलने वाली सरकारी सहायता बंद होगी

सुवेंदु सरकार ने कैबिनेट बैठक में एक और बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। सरकार ने राज्य के मदरसों को मिलने वाली तमाम वित्तीय सहायता को तुरंत बंद करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब मस्जिदों के इमाम और मोअज्जिम को मिलने वाला मासिक भत्ता भी पूरी तरह बंद हो जाएगा।

इसके साथ ही नई सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के हित में कदम उठाते हुए सातवें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दे दी है। हालांकि, सचिवालय से मिली जानकारी के मुताबिक इस दूसरी कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों के लंबे समय से बकाया चल रहे डीए पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका।

Author: Sourav Banerjee

Hot this week

Related News

Popular Categories