Delhi News: दिल्ली-एनसीआर में पिछले करीब एक पखवाड़े से पश्चिमी विक्षोभ के कारण मिल रही राहत का दौर अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। आसमान साफ होते ही सूरज ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। तेज धूप और उमस के कारण राजधानी में तापमान तेजी से रिकॉर्ड तोड़ रहा है।
रविवार को दिल्ली वासियों ने भीषण और झुलसाने वाली गर्मी का सामना किया। हालात यह रहे कि छुट्टी का दिन होने के बावजूद लोग जरूरी कामों के बिना घरों से बाहर नहीं निकले। चुभन भरी धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग उमस से बेहाल नजर आए।
गाड़ियों और घरों के एसी भी हुए फेल, हीट इंडेक्स 44.5 पार
दिल्ली में गर्मी का आलम यह रहा कि लोग घरों और गाड़ियों के एसी (Air Conditioner) पर्याप्त कूलिंग न करने की शिकायत करते दिखे। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हीट इंडेक्स (उमस भरा अहसास) 44.5 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 65 और न्यूनतम 23 प्रतिशत रहा। दिल्ली का आयानगर इलाका 43.0 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म दर्ज किया गया, जबकि नजफगढ़ में न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री रहा।
मंगलवार से होगी लू की वापसी, 45 डिग्री तक जाएगा पारा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि सोमवार सहित इस पूरे सप्ताह दिल्ली का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तीखी धूप निकलेगी। इसके साथ ही हवा में मौजूद नमी लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ाएगी, जिससे उमस भरी गर्मी का अहसास होगा।
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि मंगलवार से राजधानी में झुलसाने वाली लू (Heat Wave) की वापसी हो जाएगी। अप्रैल में सिर्फ एक दिन लू चली थी, जबकि मई में अब तक राहत थी। लू चलने के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे बचाव जरूरी है।
मौसम विभाग ने जारी किया दो दिनों का यलो अलर्ट
भीषण गर्मी और लू के इस नए दौर को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए मंगलवार और बुधवार का ‘यलो अलर्ट’ जारी कर दिया है। प्रशासन ने दोपहर के समय लोगों को सीधे धूप के संपर्क में आने से बचने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है।
Author: Shilla Bhatia


