Uttar Pradesh News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सुनार और स्वर्णकार समाज की गंभीर समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है और व्यापारियों के साथ लगातार लूटपाट हो रही है।
अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश में आए दिन दिनदहाड़े सुनारों के साथ हो रही डकैती और लूट की घटनाओं की समस्या अभी सुलझी भी नहीं थी कि सरकार ने ‘सोनाबंदी’ और सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी (आयात शुल्क) को सीधे ढाई गुना बढ़ाने जैसा जनविरोधी फैसला ले लिया है।
लाखों छोटे सुनारों का कारोबार बंद होने की कगार पर
सपा प्रमुख ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन फैसलों से सर्राफा कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। बाजार में बड़ी कॉपोरेट कंपनियों के आ जाने से देश के छोटे सुनार पहले से ही कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहे थे और अब उनका अस्तित्व ही खतरे में है।
उन्होंने आशंका जताई कि सरकार की इस नई नीति के कारण देश के लाखों छोटे सुनारों का पारंपरिक कारोबार हमेशा के लिए बंद हो सकता है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियां बाद में छोटे-बड़े शहरों में अपने आलीशान शोरूम खोलकर आम जनता को मनमाने दामों पर गहने बेचेंगी।
दुकानों और शोरूम की चमक हुई फीकी
पूर्व मुख्यमंत्री ने व्यापारियों का पक्ष लेते हुए कहा कि सुनार और स्वर्णकार समाज के लोग अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई और भारी पूंजी निवेश करके इस कारोबार को खड़ा करते हैं। लेकिन आज सरकार की गलत नीतियों के कारण उनकी दुकानों और बड़े शोरूम की चमक पूरी तरह फीकी पड़ गई है।
उन्होंने अंत में कहा कि जब सोने जैसे बड़े और प्रतिष्ठित व्यापार की हालत इतनी खराब हो चुकी है, तो ऐसे संकट के समय में राज्य के दूसरे छोटे और मध्यम श्रेणी के कारोबारियों की बदहाली की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। सरकार को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।
Author: Ajay Mishra

