गाजा में थम नहीं रहा इजरायल का कहर: कार में जा रहे हमास के टॉप कमांडर बाहा बारूद को हवाई हमले में उड़ाया

World News: मध्य पूर्व में जारी भीषण तनाव के बीच इजरायली सेना ने हमास को एक और बड़ा जख्म दिया है। इजरायल ने एक बड़े हवाई हमले में हमास के सीनियर कमांडर बाहा बारूद को मार गिराया है। यह हमला उस समय हुआ, जब बारूद अपनी कार में सवार होकर कहीं जा रहा था।

इजरायल की इस रणनीतिक कार्रवाई को हमास के सैन्य ढांचे के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे ठीक पहले, बीते शुक्रवार को भी इजरायली वायुसेना ने गाजा सिटी में एक बड़ा ऑपरेशन चलाया था। उस हमले में हमास की सशस्त्र शाखा के सबसे प्रमुख नेता इज्ज अल दीन अल-हद्दाद को मार गिराया गया था।

युद्धविराम के दावों के बीच गाजा पट्टी पर ताबड़तोड़ हमले

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्धविराम को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रविवार को भी गाजा पट्टी के अलग-अलग इलाकों में इजरायल के हवाई हमले जारी रहे। इन नए हमलों में कम से कम पांच और लोगों की जान चली गई है। इजरायली लड़ाकू विमानों ने खान यूनिस क्षेत्र को निशाना बनाकर दो बड़े हमले किए।

खान यूनिस में हुआ पहला हमला एक स्थानीय पुलिस चौकी के बिल्कुल नजदीक किया गया था। वहीं दूसरा हमला वहां रह रहे विस्थापितों के एक अस्थायी शिविर पर हुआ। स्थानीय चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, इन दोनों हवाई हमलों में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

रसोईघर में खाना लेते समय हुआ हमला, तीन की मौत

इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने आधिकारिक बयान जारी कर दावा किया है कि हवाई हमलों में मारे गए सभी लोग प्रतिबंधित इस्लामिक संगठनों के सक्रिय लड़ाके थे। सेना के अनुसार, ये लड़ाके इजरायली सैनिकों पर बड़े हमले की खतरनाक साजिश रच रहे थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।

दूसरी तरफ, दीर अल-बलाह इलाके में हुए एक अन्य हवाई हमले में तीन लोगों की मौत हो गई। स्थानीय चश्मदीदों के अनुसार, ये नागरिक एक सामूहिक रसोईघर में अपने परिवार के लिए खाना लेने गए थे। उसी समय इजरायली विमानों ने वहां बमबारी कर दी, जिससे इलाके में भारी तबाही मची है।

Author: Pallavi Sharma

Hot this week

Related News

Popular Categories