Pakistan: कराची में ऐतिहासिक इमारत पर हमला, भगवान कृष्ण की मूर्तियां खंडित; फिर दहला अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय

Pakistan News: पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कराची में अल्पसंख्यकों के खिलाफ नफरत का एक और खौफनाक मामला सामने आया है। शहर की ऐतिहासिक इमारत ‘सगन मेसन भवन’ में अराजक तत्वों ने भगवान कृष्ण और गोपियों की मूर्तियों को बेरहमी से खंडित कर दिया। पाकिस्तान दरवार इत्तेहाद के अध्यक्ष शिव कच्छी ने इस शर्मनाक घटना का खुलासा करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। इस कृत्य के बाद से पाकिस्तान के हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।

ऐतिहासिक विरासत और धार्मिक सद्भाव पर प्रहार

यह हमला केवल ईंट-पत्थर के ढांचे पर नहीं, बल्कि पाकिस्तान की साझा सांस्कृतिक विरासत पर हुआ है। शिव कच्छी ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह घटना दो दिन पहले की है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। साल 1937 में बनी इस ऐतिहासिक इमारत में हिंदू समुदाय के कई धार्मिक प्रतीक और बहुमूल्य मूर्तियां सुरक्षित रखी गई थीं। अब इसके जीर्णोद्धार और सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले भी बेनकाब हो चुका है पाकिस्तान

पाकिस्तान में हिंदुओं और उनके मंदिरों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारत ने इस मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र सहित कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान की खिंचाई की है। अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा करने में पाकिस्तानी प्रशासन बार-बार नाकाम साबित हुआ है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो अल्पसंख्यक समुदाय की भावनाओं को और गहरा आघात पहुंचेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories