पाकिस्तान पर अफगानिस्तान का बड़ा पलटवार! बलूचिस्तान में घुसकर किए भीषण ड्रोन हमले, थर्राया पूरा इलाका

Kabul News: पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर चल रहा पुराना तनाव अब बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। पिछले दिनों पाकिस्तान द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई का अफगानिस्तान ने बेहद आक्रामक अंदाज में करारा जवाब दिया है। अफगान वायुसेना ने पाकिस्तानी सीमा में घुसकर बड़ा हमला किया है।

अफगानिस्तान की वायुसेना ने पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में कई स्थानों पर ताबड़तोड़ ड्रोन हमले किए हैं। अफगान सरकार ने आधिकारिक तौर पर दावा किया है कि इस खुफिया सैन्य ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान में फल-फूल रहे खूंखार आतंकी संगठन ISIS से जुड़े ठिकानों को ही निशाना बनाया गया है।

अफगानिस्तान की प्रतिष्ठित समाचार एजेंसी ‘खामा प्रेस’ की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अफगान रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है कि उनकी जांबाज सेनाओं ने रात भर पाकिस्तान के भीतर घुसकर आतंकी सुविधाओं पर बेहद सटीक हवाई हमले किए हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ रची जा रही थी बड़ी साजिश

अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जिन पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया गया है, उनका इस्तेमाल कथित तौर पर अफगानिस्तान के खिलाफ आतंकी हमलों की बड़ी योजना बनाने के लिए हो रहा था। अधिकारियों का दावा है कि हाल के वर्षों में अफगानिस्तान में हुए बड़े हमलों के तार इन्हीं इलाकों से जुड़े थे।

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने सभी महत्वपूर्ण लक्ष्यों को सफलतापूर्वक नेस्तनाबूद कर दिया है। अफगानिस्तान अब अपनी सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के खिलाफ किसी भी बाहरी खतरे को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और शुरुआती चरण में ही कुचल देगा।

राजनयिक स्तर पर भी बढ़ा भारी तनाव

यह ताजा हवाई हमला पिछले कुछ महीनों से दोनों देशों के बीच जारी सीमा विवाद और बार-बार होने वाली गोलीबारी का नतीजा है। इससे पहले बीते 11 जून को अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने काबुल में तैनात पाकिस्तान के ‘चार्ज डी’अफेयर्स’ यानी मुख्य राजनयिक प्रतिनिधि को तलब किया था।

अफगानिस्तान ने यह कड़ा कदम पाकिस्तानी सेना द्वारा उसके हवाई क्षेत्र के उल्लंघन और निर्दोष नागरिकों के रिहायशी घरों पर बमबारी करने के खिलाफ उठाया था। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, ९ जून को हुए पाकिस्तानी हमले में कई बच्चों और महिलाओं की मौत हो गई थी।

पाकिस्तान को मिली गंभीर नतीजों की खुली चेतावनी

अफगान विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है। अफगानिस्तान ने कहा कि पाकिस्तान सरकार को अपनी खुद की संकीर्ण प्रॉक्सी नीतियां लागू करने के बजाय अपनी गंभीर अंदरूनी राजनीतिक और आर्थिक समस्याओं का स्थायी समाधान खोजना चाहिए।

अफगान मंत्रालय ने सवाल उठाया कि एक इलाके में मासूम बच्चों और महिलाओं की हत्या करके दूसरे इलाके में सुरक्षा कैसे स्थापित की जा सकती है? तालिबान प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बार-बार होने वाले इन सैन्य उल्लंघनों और अपराधों के सभी गंभीर नतीजों की पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तानी सेना की होगी।

Pallavi Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories