मॉस्को पर यूक्रेन के भीषण ड्रोन हमले में भारतीय मजदूर की दर्दनाक मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल

Moscow News: रूस की राजधानी मॉस्को में भीषण युद्ध की आंच अब निर्दोष भारतीयों तक पहुंच गई है। मॉस्को क्षेत्र में हुए एक बड़े ड्रोन हमले में एक भारतीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई है। इस हवाई हमले में तीन अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को इस दुखद घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। दूतावास के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घटनास्थल का दौरा किया है। उन्होंने अस्पताल जाकर वहां भर्ती सभी घायल भारतीय मजदूरों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

भारतीय दूतावास ने कंपनी प्रबंधन के साथ शुरू किया काम

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की है। दूतावास ने युद्ध क्षेत्र में हुए इस जान-माल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रशासन पीड़ित मजदूरों को हर जरूरी मदद देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

राजनयिकों की टीम स्थानीय अधिकारियों और संबंधित कंपनी के मैनेजमेंट के साथ मिलकर काम कर रही है। भारत सरकार घायलों के बेहतर इलाज और मृतक के शव को वापस लाने की प्रक्रिया में जुटी है। यह घटना रूस-यूक्रेन के बीच बढ़ते हवाई हमलों का सीधा नतीजा है।

भारतीय दूतावास की यह पुष्टि रूस के उस आधिकारिक बयान के कुछ घंटों बाद आई है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि उसे रात भर में लगभग 600 यूक्रेनी ड्रोन हमलों की भीषण वेव का सामना करना पड़ा है। इस व्यापक हमले में चार लोगों की मौत हुई थी।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इन हमलों को पूरी तरह जायज ठहराया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर रूस के लगातार जारी हमलों का यह करारा जवाबी हमला है। ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार को ही कीव में रूस से हर हाल में भीषण बदला लेने की कसम खाई थी।

जेलेंस्की ने कसम खाकर बुना था जवाबी हमले का चक्रव्यूह

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कीव की एक नष्ट हुई अपार्टमेंट बिल्डिंग के मलबे पर लाल गुलाब चढ़ाए थे। वहां रूस के मिसाइल हमले में 24 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। मरने वालों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल थे, जिससे यूक्रेन में भारी आक्रोश था।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ज़ेलेंस्की ने इसके तुरंत बाद शीर्ष सैन्य और खुफिया अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक की थी। इस बैठक में रूस के भीतर लंबी दूरी तक मार करने वाले विनाशकारी हमलों की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया था।

राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने साफ शब्दों में चेतावनी दी थी कि यूक्रेन अपने नागरिकों की मौत का बदला जरूर लेगा। वह हमलावर के किसी भी कृत्य को बिना सजा के नहीं छोड़ेगा। उन्होंने अपने वीडियो संबोधन में रात भर तेल रिफाइनरी पर हुए हमलों की पुष्टि भी की।

Author: Pallavi Sharma

Hot this week

Related News

Popular Categories