आगरा में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा, नाले के ऊपर बनी दुकान ढहने से छह लोग गिरे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में भारी बारिश के दौरान एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। जामा मस्जिद के पास स्थित सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी एक कपड़े की दुकान अचानक भरभराकर ढह गई। इस हादसे में दुकान के अंदर मौजूद एक महिला पुलिस कांस्टेबल, उनकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची और बुजुर्ग मां सहित छह लोग सीधे गहरे नाले में जा गिरे।

- Advertisement -

पांच लोगों को सुरक्षित निकाला गया, बुजुर्ग महिला की तलाश जारी

मंटोला नाले में गिरे लोगों को बचाने के लिए बाजार में तुरंत अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मुस्तैदी से महिला सिपाही अनीता, उनकी बेटी अनन्या और दुकानदार सहित पांच लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि हादसे के समय दुकान के काउंटर पर खड़ी महिला सिपाही की मां गंगादेवी का देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका था।

राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए प्रशासन द्वारा मथुरा से स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स यानी एसडीआरएफ की विशेष टीम को तत्काल बुलाया गया है। लखनऊ में तैनात महिला सिपाही अनीता गुरुवार को अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने वाली थीं। वह अपनी मां को बाजार में शॉपिंग कराने लाई थीं, तभी अचानक तेज धमाके के साथ पूरी साड़ी की दुकान नाले में समा गई।

हादसे से व्यापारियों में भारी रोष, नगर निगम पर उठे सवाल

अपर पुलिस आयुक्त सचींद्र पटेल और डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर डटे हुए हैं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नाले के भीतर बिजलीघर के पास लगे जाल तक गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय कारोबारियों में नगर निगम की लापरवाही को लेकर भारी गुस्सा देखा जा रहा है।

- Advertisement -

दूसरी तरफ लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने ताजनगरी आगरा की रफ्तार को पूरी तरह थाम दिया है। शहर के एमजी रोड, भगवान टॉकीज और हरीपर्वत जैसे प्रमुख मार्गों पर सुबह से शाम तक भीषण ट्रैफिक जाम लगा रहा। सड़कों पर हुए गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles