Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही तेज बरसात के कारण पूरी दिल्ली पानी-पानी हो गई है। सड़कों पर जलभराव के चलते यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली के इन इलाकों में दर्ज की गई रिकॉर्ड तोड़ बारिश
मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा लोधी रोड में 80.2 मिलीमीटर और रिज क्षेत्र में 77.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पालम में 63.0 मिलीमीटर और आयानगर में 57.4 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। भारी बारिश से दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री कम रहा।
मूसलाधार बारिश के चलते दिल्ली का ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल साबित हुआ है। सबसे दर्दनाक हादसा रोहिणी इलाके में हुआ जहां एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुट गईं।
सड़कों पर लगा लंबा ट्रैफिक जाम और उखड़े कई पेड़
सदर बाजार, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, नासिरपुर, तेलीवाड़ा और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसे कई प्रमुख इलाकों की सड़कें नदियों जैसी दिखने लगीं। रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुबह गाड़ियां रेंगती नजर आईं। नेशनल हाईवे-48 पर धौला कुआं, महिपालपुर और रजोकरी के पास विजिबिलिटी बहुत कम होने से ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ।
राजधानी के कई प्रमुख रास्तों पर पुराने और विशाल पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। ईस्ट ऑफ कैलाश में इस्कॉन मंदिर और नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के बाहर पेड़ गिरने से रास्ता बंद हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि पेड़ गिरने की इन घटनाओं में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
गुरुग्राम तक दिखा असर और संतोषजनक श्रेणी में रहा एक्यूआई
दिल्ली नगर निगम और नागरिक एजेंसियों की इमरजेंसी टीमों को जलभराव और पेड़ गिरने की सैकड़ों शिकायतें मिलीं। इस आफत की बारिश का असर दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी देखने को मिला। गुरुग्राम के नरसिंहपुर, बसई, उमंग भारद्वाज चौक और सोहना रोड पर गाड़ियां डूब गईं। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून ट्रफ रेखा के हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ने से इतनी भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जब तक यह मौसमी सिस्टम आगे नहीं बढ़ता, दिल्ली में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इतनी भारी बारिश के बाद दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 61 दर्ज किया गया।

