Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी कमलेश चौधरी के एनकाउंटर के बाद गुरुवार शाम को भयंकर बवाल हो गया। शव ले जा रहे परिजनों और स्थानीय लोगों की करीब 500 की भारी भीड़ ने फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पुलिस पर हमला कर दिया।
उग्र भीड़ ने पुलिस बल पर जमकर पथराव किया। इस दौरान आगे खड़ीं महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ लिया। हिंसक झड़प में सीओ शेखर सेंगर, सदर कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह समेत कई जवान घायल हो गए। पथराव में सीओ सदर का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गए।
शव सड़क पर रखकर फर्जी एनकाउंटर का आरोप
बुधवार रात पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुए बदमाश कमलेश बिंद का शव शाम को श्मशान घाट ले जाया जा रहा था। शुरू में घर की महिलाओं ने अर्थी उठाई, फिर उसे पिकअप वैन में रखा गया। सुरक्षा में भारी पुलिस बल तैनात था। तभी फुल्लनपुर क्रॉसिंग पर भीड़ ने पिकअप को रोक दिया।
भीड़ ने लाश को उतारकर सड़क पर रख दिया और पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। जब पुलिस अधिकारी भीड़ को शांत कराने आगे बढ़े, तो अचानक स्थिति बेकाबू हो गई। पहले तीखी धक्का-मुक्की हुई और फिर चारों तरफ से अचानक पत्थर बरसने लगे।
जान बचाने के लिए बैंक में छिपे पुलिसकर्मी
हालात इतने बदतर हो गए कि जवानों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। कुछ पुलिसकर्मियों ने पास की बैंक की इमारत में छिपकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। पथराव की इस गंभीर घटना में नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार, सिपाही रेशमा और गणेश दुबे भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने आखिरकार लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और शव को दोबारा कस्टडी में लेकर श्मशान घाट पहुंचाया। वहां भारी सुरक्षा के बीच कमलेश के बड़े भाई संजय कुमार बिंद ने उसे मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे समय वहां महज 8 से 10 लोग ही मौजूद रहे।
उपद्रवियों पर लगेगा रासुका, अखिलेश यादव का हमला
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की साजिश रची। उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनके घरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी होगी। पुलिस कप्तान ने सख्त चेतावनी दी है कि दोषियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले पर सियासी घमासान भी शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा कि भाजपा राज में शासन-प्रशासन ने जनता का विश्वास खो दिया है। हत्याओं और एनकाउंटर ने यूपी की छवि को पूरी तरह नकारात्मक बना दिया है।
Author: Ajay Mishra


