Uttar Pradesh News: प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में बुधवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा हो गया. इस भीषण दुर्घटना में समाजवादी पार्टी के युवा नेता रत्नेश यादव की दर्दनाक मौत हो गई. कार में सवार उनके तीन अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.
मृतक रत्नेश यादव सपा की लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव थे. वह अपने साथियों के साथ कौशांबी स्थित फॉर्म हाउस से लौट रहे थे. सिविल लाइंस में एक रेस्टोरेंट से खाना खाने के बाद उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर एक बड़े पेड़ से सीधे जा टकराई.
हादसा या हत्या? भाई ने पुलिस को दी तहरीर
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब रत्नेश के भाई मिथिलेश ने पुलिस को लिखित शिकायत दी. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. भाई का दावा है कि कार में सवार दोस्तों ने लोहे की रॉड से हमला कर रत्नेश को मार डाला.
शिकायतकर्ता ने बताया कि हत्या को हादसे का रूप देने के लिए कार को पेड़ से टकराया गया. दूसरी ओर, पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि सड़क पर आए एक कुत्ते और स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में यह दर्दनाक हादसा हुआ. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, सपाई स्तब्ध
रत्नेश की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी अंशु बेसुध हो गईं. उनकी दो जुड़वा बेटियां मां को रोता देख बिलख रही हैं. इस दुखद घटना से पूरे इलाके और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है. पोस्टमार्टम हाउस पर वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा लगा रहा.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई है. फुटेज से साफ पता चलता है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और यह एक दुर्घटना थी. हालांकि, पुलिस पीड़ित परिवार के आरोपों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
Author: Ajay Mishra


