Rajasthan News: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सब इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2025 के लिए एग्जाम सिटी (परीक्षा केंद्र का शहर) की जानकारी जारी कर दी है। इस बार करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। आयोग ने परीक्षा केंद्रों के लिए राज्य के 41 प्रमुख शहरों का चयन किया है।
ऐसे चेक करें अपनी एग्जाम सिटी
अभ्यर्थीआयोग की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in या recruitment.rajasthan.gov.in पर जाकर अपनी परीक्षा के शहर की जानकारी देख सकते हैं। एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करके भी ‘Recruitment’ सेक्शन में यह जानकारी उपलब्ध है। लॉगिन के लिए एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए एडमिट कार्ड में क्यूआर कोड जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
2 अप्रैल को आएगा एडमिट कार्ड, परीक्षा 5-6 अप्रैल को
आयोग 2 अप्रैल कोविस्तृत एडमिट कार्ड जारी करेगा। परीक्षा का आयोजन 5 और 6 अप्रैल को दो चरणों में होगा। पहली पाली सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक होगी, जिसमें सामान्य हिंदी का पेपर होगा। दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी, जिसमें जनरल नॉलेज और जनरल साइंस के प्रश्न पूछे जाएंगे। ओएमआर शीट में पांचवें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
1015 पदों पर होगी भर्ती, यह है वैकेंसी का विवरण
इस भर्तीप्रक्रिया के तहत पुलिस विभाग के विभिन्न विंग्स में कुल 1015 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सब इंस्पेक्टर (AP) के 896 पद, सब इंस्पेक्टर (IB) के 26 पद, प्लाटून कमांडर (RAC) के 64 पद, सब इंस्पेक्टर (अनुसूचित क्षेत्र) के 25 पद और सब इंस्पेक्टर (सहरिया) के 4 पद शामिल हैं।
शारीरिक योग्यता और वेतनमान
लिखित परीक्षाके बाद चयनित उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और इंटरव्यू से गुजरना होगा। पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 168 सेमी और सीना 81 सेमी (बिना फुलाए) तथा 86 सेमी (फुलाने पर) होना अनिवार्य है। चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-11 और ग्रेड पे 4200 रुपये के आधार पर शानदार वेतन मिलेगा।


