दिल्ली चिड़ियाघर में गूंजेगी नन्हे शेरों की दहाड़, शेरनी ‘महागौरी’ के घर आने वाली है बड़ी सौगात

Delhi News: दिल्ली के राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में शेर ‘महेश्वर’ और शेरनी ‘महागौरी’ के बाड़े से जल्द ही एक बेहद खुशखबरी आने वाली है। जून महीने का अंतिम सप्ताह चिड़ियाघर प्रशासन और वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात लेकर आ रहा है। चिड़ियाघर एक बार फिर नन्हे शावकों की अठखेलियों का गवाह बनेगा।

चिड़ियाघर प्रशासन को पूरी उम्मीद है कि आगामी 27 जून को शेरनी महागौरी नए शावकों को जन्म देगी। दिल्ली चिड़ियाघर के इतिहास में पिछले 17 साल से शेरनियों द्वारा बच्चों को जन्म देने की तारीख हमेशा 27 ही रही है। इस समय एशियाई शेरनी महागौरी एक बार फिर पूरी तरह गर्भवती है।

17 सालों का अनोखा और दिलचस्प संयोग

चिड़ियाघर के निदेशक संजीत कुमार के अनुसार, साल 2009 के बाद से यहां अब तक जितनी भी शेरनियों ने शावकों को जन्म दिया है, उन सभी की तारीखों में एक अद्भुत समानता रही है। सभी शावक महीने की 27 तारीख को ही पैदा हुए हैं। 27 सितंबर 2014 को भी ऐसा ही सुखद संयोग देखा गया था।

पिछले साल भी शेरनी महागौरी ने 27 अप्रैल को एक साथ पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया था। इसी अनोखे रिकॉर्ड के आधार पर वन्यजीव विशेषज्ञों को पूरी उम्मीद है कि इस बार भी करीब 18 दिन बाद यानी 27 जून को ही चिड़ियाघर के कुनबे में नन्हे शेरों की एंट्री होने वाली है।

जूनागढ़ से लाए गए महेश्वर-महागौरी पर बड़ी जिम्मेदारी

गुजरात के जूनागढ़ से खास तौर पर लाए गए शेर महेश्वर और शेरनी महागौरी पर ही दिल्ली चिड़ियाघर में शेरों का कुनबा बढ़ाने की मुख्य जिम्मेदारी है। महागौरी के गर्भवती होने के बाद से ही वन्यजीव डॉक्टरों की एक विशेष टीम उसकी डाइट और सेहत का चौबीसों घंटे बेहद बारीकी से ख्याल रख रही है।

चिड़ियाघर के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि यह शेरनी महागौरी की दूसरी डिलीवरी होने वाली है। पहली डिलीवरी के सफल अनुभव को देखते हुए डॉक्टरों को पूरी उम्मीद है कि इस बार पैदा होने वाले नए शावक पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा स्वस्थ, सक्रिय और शारीरिक रूप से बेहद मजबूत होंगे।

Author: Gaurav Malhotra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories