दिल्ली में रविवार को ट्रैफिक का बुरा हाल: लाल किला के पास एक लाख की भीड़ का जमावड़ा, जानें कौन से रास्ते रहेंगे बंद

Delhi News: यदि आप आने वाले रविवार, 24 मई को मध्य या उत्तरी दिल्ली जाने की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। लाल किला पर आयोजित ‘जनजाति सांस्कृतिक समागम’ के कारण दिल्ली की सड़कें भीषण जाम की चपेट में रहेंगी। इस कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों के जुटने की संभावना है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रहेगी।

यातायात पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने की सलाह दी है। ‘जनजाति जागृति समिति’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के लिए रामलीला मैदान, राजघाट और कुदसिया पार्क जैसे प्रमुख स्थानों से भव्य शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके चलते दिनभर सड़कों पर भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट देखने को मिलेगा।

इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जीटी करनाल रोड, बुलेवार्ड रोड, शाम नाथ मार्ग और लोथियन रोड पर वाहनों की रफ्तार धीमी रहेगी। इसके अलावा श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। मध्य दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू मार्ग, आसफ अली रोड और निषाद राज मार्ग पर भी भारी जाम के आसार हैं।

पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का उपयोग करें। यदि घर से निकलना बेहद जरूरी है, तो अतिरिक्त समय लेकर चलें। रिंग रोड, सलीमगढ़ बाईपास, आईटीओ चौक, मिंटो रोड और चावड़ी बाजार जैसे इलाकों में भी डायवर्जन लागू किया जाएगा, जिससे इन रास्तों पर जाम की स्थिति बन सकती है।

बस और कमर्शियल वाहनों पर सख्ती

प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक रंजीत सिंह फ्लाईओवर पर बसों और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। वहीं, दोपहर 12 बजे से रात 3 बजे तक दिल्ली गेट से लाल किला और राजघाट की ओर जाने वाले रास्तों पर सख्त पाबंदी रहेगी। मालवाहक वाहनों को भी दूसरे रास्तों से जाने के लिए निर्देशित किया गया है।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों की ओर जाने वाले यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। कश्मीरी गेट बस अड्डे के लिए युधिष्ठिर सेतु के नीचे वाले मार्ग का उपयोग करें। पुरानी दिल्ली स्टेशन जाने के लिए रानी झांसी फ्लाईओवर और नई दिल्ली स्टेशन (अजमेरी गेट) के लिए मिंटो या पंचकुइयां रोड का उपयोग करना बेहतर रहेगा।

Author: Gaurav Malhotra

Hot this week

Related Articles

Popular Categories