New Delhi News: दिल्ली के एक होटल में लगी भीषण आग के बाद दिल दहला देने वाले चश्मदीद गवाह सामने आ रहे हैं। हादसे के वक्त तीसरी मंजिल पर सो रहे उज्बेकिस्तान के नागरिक इख्तियार ने अपनी जान बचाने की खौफनाक दास्तान बयां की है।
इख्तियार ने बताया कि जब अचानक शोर सुनकर उनकी नींद खुली, तो कमरे के दरवाजे के नीचे से काला धुआं अंदर आ रहा था। दरवाजा खोलने पर सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बाद वे तुरंत खिड़की की तरफ भागे और जान बचाने के रास्ते तलाशने लगे।
गद्दे देखकर खिड़की का शीशा तोड़ा और लगा दी छलांग
खिड़की के पास पहुंचकर इख्तियार ने देखा कि बगल के कमरों में रहने वाले लोग जान बचाने के लिए नीचे कूद रहे थे। नीचे गली में कुछ मददगार लोगों ने गद्दे बिछा दिए थे। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें कपड़े पहनने तक का मौका नहीं मिला।
उन्होंने बिना देर किए खिड़की का शीशा तोड़ा और तीसरी मंजिल से सीधे नीचे छलांग लगा दी। इस खतरनाक कूद की वजह से उनके बाएं हाथ में गंभीर फ्रैक्चर आ गया है। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी शाहिदा और बेटे समुद्र के साथ अपना बचा हुआ सामान लेने पहुंचे थे।
रूम सर्विस ब्वॉय ने दिखाई बहादुरी, दो को बचाया
इस भीषण अग्निकांड में देवदूत बनकर उभरे होटल के रूम सर्विस ब्वॉय राज ने भी तबाही का पूरा मंजर बयां किया। राज ने बताया कि आग की शुरुआत अचानक बेसमेंट से हुई थी। वहां इलेक्ट्रिक वायर में हुए शार्ट सर्किट के बाद एसी के पास जोरदार धमाका हुआ था।
आग लगते ही राज और उनका सहकर्मी रोहित ऊपर की तरफ भागे ताकि सो रहे मेहमानों को समय रहते जगाया जा सके। उन्होंने चिल्लाकर लोगों को सचेत किया। इसी बीच धुएं के भारी गुबार के कारण रोहित अचानक बेसुध होकर फर्श पर गिर पड़ा।
वाशरुम की बाल्टी से शीशा तोड़कर बचाई जान
राज ने हिम्मत न हारते हुए रोहित को संभाला और वे पास के वाशरुम की तरफ भागे। वहां रखी एक बाल्टी उठाकर राज ने गली की तरफ खुलने वाली खिड़की का मजबूत शीशा तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने रोहित और नेपाल के एक गेस्ट तरुण को नीचे कूदने के लिए कहा।
नीचे कूदने के दौरान रोहित का पैर खिड़की में फंस गया, जिससे उनका सिर फट गया और हाथ में फ्रैक्चर आया। उनके बाद तरुण और अंत में राज ने नीचे छलांग लगाई। इस तरह राज की सूझबूझ से कई मासूम लोगों की जान सुरक्षित बच गई।
Author: Gaurav Malhotra


