LSG में अर्जुन तेंदुलकर को नहीं मिलेगा मौका? अश्विन ने कहा- इतने तेज गेंदबाजों के बीच जगह बनाना मुश्किल

Lucknow News: सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को मुंबई इंडियंस ने रिलीज कर दिया था, जहां उन्हें आईपीएल में ज्यादा मौके नहीं मिल पाए थे। पिछले ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ा तो फैंस को उम्मीद थी कि अर्जुन को अब ज्यादा मौके मिलेंगे। हालांकि, भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने दावा किया है कि एलएसजी में भी उन्हें मौका नहीं मिलेगा। अश्विन का मानना है कि टीम के मौजूदा तेज गेंदबाजी आक्रमण को देखते हुए अर्जुन के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना बेहद मुश्किल होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम में मयंक यादव, मोहम्मद शमी, एनरिक नॉर्टजे, मोहसिन खान और आवेश खान जैसे अनुभवी और तेज गेंदबाज मौजूद हैं।

एलएसजी का घातक तेज गेंदबाजी आक्रमण

अश्विन नेअपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि एलएसजी की तेज गेंदबाजी लाइनअप काफी मजबूत है। उन्होंने कहा, ‘अर्जुन तेंदुलकर खेलेगा ही नहीं और चलिए वहां जाते भी नहीं हैं। मुझे लगता है कि उनके लिए जगह बनाना बहुत मुश्किल है क्योंकि इस लाइनअप में मयंक यादव, मोहसिन खान, आवेश खान और मोहम्मद शमी हैं। इतने सारे तेज गेंदबाज होने के बाद वह कैसे खेलेंगे? मुझे नहीं लगता कि जब तक बहुत ज्यादा चोटें न आएं, तब तक उनका कोई केस बनता है।’ अश्विन की बात काफी हद तक सही लगती है क्योंकि एलएसजी के पास वर्तमान में कई ऐसे तेज गेंदबाज हैं जो अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीमों के लिए खेल चुके हैं। इन खिलाड़ियों के सामने अर्जुन के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह पाना मुश्किल नजर आ रहा है।

अर्जुन का आईपीएल करियर

साल 2021 मेंपहली बार मुंबई इंडियंस से जुड़ने वाले अर्जुन तेंदुलकर को डेब्यू के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा था। उन्होंने 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपना पहला आईपीएल मैच खेला था। लेकिन वह अपने आईपीएल करियर में केवल 5 मैच ही खेल पाए हैं, जिनमें उनके नाम 3 विकेट दर्ज हैं। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाले 2024 सीजन में भी उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला था। अब लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल होने के बाद फैंस को उम्मीद थी कि अर्जुन को अधिक अवसर मिलेंगे, लेकिन अश्विन के इस दावे के बाद यह साफ हो गया है कि टीम में मौजूद दिग्गज गेंदबाजों के कारण उनकी राह आसान नहीं होगी। एलएसजी की टीम में पहले से मौजूद तेज गेंदबाजों का अनुभव और प्रदर्शन अर्जुन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि अर्जुन को इस सीजन में कितने मौके मिलते हैं और वह अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा पाते हैं या नहीं।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories