Singapore News: भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू सिंगापुर ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। शुक्रवार को खेले गए महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिंधू को विश्व नंबर एक खिलाड़ी एन से यंग के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार के साथ ही टूर्नामेंट में उनका अभियान समाप्त हो गया।
दूसरी ओर पुरुष डबल्स वर्ग से भारत के लिए अच्छी खबर सामने आई है। स्टार जोड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। भारतीय जोड़ी ने एक कड़े और रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल कर पुरुष डबल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
एन से यंग के खिलाफ कोर्ट पर नहीं चली सिंधू की आक्रामकता
कोरिया की दिग्गज खिलाड़ी एन से यंग ने सीधे गेमों में 21-17, 21-14 से मुकाबला जीतकर सिंधू पर अपना पुराना दबदबा कायम रखा। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता सिंधू ने बीच-बीच में बेहतरीन आक्रामक शॉट खेले। उन्होंने कुछ मौकों पर कोरियाई खिलाड़ी पर अच्छा दबाव भी बनाया था।
मैच के निर्णायक क्षणों में एन से यंग का बेहतर नियंत्रण और शानदार कोर्ट मूवमेंट सिंधू पर भारी पड़ा। वे महत्वपूर्ण अंकों को भुनाने में पूरी तरह सफल रहीं। इस हार के साथ ही सिंधू की मौजूदा ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ लगातार हार का सिलसिला अब नौ मैचों तक पहुंच गया है।
सात्विक और चिराग ने पहला गेम हारने के बाद की जोरदार वापसी
पुरुष डबल्स के क्वार्टर फाइनल में एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विक और चिराग ने कमाल का जुझारूपन दिखाया। चौथी वरीयता प्राप्त इस भारतीय जोड़ी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने मलेशिया के खाई शिंग कांग और आरोन ताई को रोमांचक मैच में पराजित किया।
एक घंटे पांच मिनट तक चले इस कड़े मुकाबले को भारतीयों ने 19-21, 21-17, 21-13 से अपने नाम किया। अब सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी का मुकाबला शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया के किम वान हो और सियो सेउंग जे से होगा, जिन्होंने जापानी जोड़ी को मात दी है।
Author: Prem Sharma

