Sports News: आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम की 15 सदस्यीय टीम की घोषणा हो गई है। जापान में होने वाले इन एशियाई खेलों के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए दिग्गज खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान, बाबर आजम, सलमान अली और शाहीन अफरीदी को स्क्वॉड में शामिल नहीं किया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस बार टूर्नामेंट के लिए एकदम युवा टीम का चयन किया है। इस नई टीम में 4 खिलाड़ी ऐसे शामिल हैं जिन्होंने अब तक टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू भी नहीं किया है। बोर्ड ने इस मेगा इवेंट के लिए युवा बैटर साहिबजादा फरहान को कप्तान नियुक्त किया है।
टी20 वर्ल्ड कप के स्टार खिलाड़ी को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी
साहिबजादा फरहान ने हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। इसी बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम उन्हें कप्तानी के रूप में मिला है। इसके साथ ही डोमेस्टिक सर्किट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले अब्दुल समद को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है।
इन एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक जापान के मैदानों पर होना है। पाकिस्तान की इस नई टीम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव रखने वाले खिलाड़ी बेहद कम हैं। अनकैप्ड खिलाड़ियों में आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद को पहली बार बड़ा मौका मिला है।
सीनियर खिलाड़ियों को आराम, उस्मान खान संभालेंगे विकेटकीपिंग
फरहान ने अब तक पाकिस्तान के लिए 46 टी20 मैच खेले हैं, लेकिन उन्हें पहली बार कप्तानी का अनुभव मिलेगा। वहीं उप-कप्तान अब्दुल समद ने सिर्फ 5 टी20 मैच खेले हैं। वह हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में भी टीम का हिस्सा थे।
इस टूर्नामेंट के लिए उस्मान खान को टीम का मुख्य विकेटकीपर बल्लेबाज चुना गया है। चयनकर्ताओं ने इस बार सलमान अली आगा, शाहीन अफरीदी, बाबर आजम और शादाब खान जैसे बड़े नामों को बाहर रखकर भविष्य की टीम तैयार करने के स्पष्ट संकेत दिए हैं।
एशियन गेम्स 2026 के लिए पूरा पाकिस्तानी स्क्वॉड
- साहिबजादा फरहान (कप्तान)
- अब्दुल समद (उप-कप्तान)
- अबरार अहमद, अहमद दानियाल
- आकिफ जावेद, अली रजा
- अराफात मिन्हास, हैदर अली
- हसन नवाज, माज सदाकत
- मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद
- सैम अयूब, सुफियान मोकीम
- उस्मान खान (विकेटकीपर)
Author: Prem Sharma


