फीफा विश्व कप 2026: ‘रिकॉर्ड टूट सकते हैं, लेकिन पेले बनना नामुमकिन’, वर्ल्ड कप से पहले काइलियन एमबापे का बड़ा बयान

Sports: फुटबॉल जगत के सबसे चमकदार और दिग्गज सितारे काइलियन एमबापे इस समय फ्रांस को तीसरा विश्व कप खिताब जिताने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। एमबापे इस महाकुंभ में महान खिलाड़ी पेले और जस्ट फोंटेन जैसे दिग्गजों के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब खड़े हैं।

खिताब जीतना आसान नहीं, मैदान पर दिखाना होगा दम

एक विशेष बातचीत के दौरान जब एमबापे से पूछा गया कि क्या फ्रांस इस बार विश्व कप जीतने का सबसे प्रबल दावेदार है? इस पर उन्होंने बहुत ही परिपक्वता से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कागजों पर दावेदार होने से कुछ नहीं होता, विश्व कप जीतना बेहद मुश्किल काम है।

फ्रांसीसी कप्तान ने आगे कहा कि उनकी टीम में कई कमाल के और भूखे युवा खिलाड़ियों का एक बेहतरीन दल मौजूद है। लेकिन इन सभी खिलाड़ियों को अपनी पूरी क्षमता मैदान पर खेल के दौरान दिखानी होगी। विश्व कप में आने वाली हर एक टीम विपक्षी के लिए एक बड़ा खतरा होती है।

लगातार तीन फाइनल खेलने और इतिहास पर बोले एमबापे

ब्राजील के दिग्गज काफू के लगातार तीन विश्व कप फाइनल खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी करने पर उन्होंने कहा कि काफू की वह उपलब्धि ऐतिहासिक थी। एमबापे ने कहा कि उन्हें बड़े सपने देखना बेहद पसंद है, लेकिन फिलहाल उनका पूरा ध्यान टूर्नामेंट की एक सकारात्मक और दमदार शुरुआत करने पर है।

पहले मैच में सेनेगल से मिलने वाली चुनौती पर एमबापे ने कहा कि इतिहास कभी मैच नहीं खेलता, बल्कि मैदान पर मौजूद खिलाड़ी खेलते हैं। साल 2002 में जो हुआ वह पुराना इतिहास था। सेनेगल निश्चित रूप से एक बेहतरीन टीम है, लेकिन फ्रांस हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

कोच डेशचैंप और पूर्व कप्तान लोरिस की तारीफ की

पूर्व कप्तान ह्यूगो लोरिस के संन्यास पर एमबापे ने माना कि टीम को उनके लंबे अनुभव की कमी जरूर खलेगी। लोरिस की शानदार कप्तानी में ही फ्रांस ने साल 2018 का विश्व कप जीता था। हालांकि, उन्होंने कहा कि जीवन का नाम आगे बढ़ना है और टीम को इस सच को स्वीकारना होगा।

मैनेजर दिदियर डेशचैंप के बारे में बात करते हुए एमबापे ने उन्हें फुटबॉल इतिहास का एक सच्चा लीजेंड बताया। डेशचैंप ने 1998 में बतौैर कप्तान और 2018 में बतौर मैनेजर फ्रांस को विश्व चैंपियन बनाया था। साल 2022 के फाइनल की हार को उन्होंने दिल तोड़ने वाली निराशा बताया।

पेले और क्लोस के बड़े रिकॉर्ड्स पर कही ये बात

टूर्नामेंट में पेले, फोंटेन और मिरोस्लाव क्लोस के गोल करने के रिकॉर्ड को तोड़ने के सवाल पर एमबापे ने बहुत ही दिल जीतने वाली बात कही। उन्होंने कहा कि ये सभी नाम फुटबॉल के इतिहास में अतुल्य हैं। जस्ट फोंटेन का एक सीजन में 13 गोल का रिकॉर्ड अटूट है।

एमबापे ने भावुक होते हुए कहा कि पेले का नाम तो पूरी दुनिया में फुटबॉल का पर्याय माना जाता है। आप आंकड़ों के मामले में भले ही उनसे ज्यादा गोल दाग सकते हैं, लेकिन उनके महान स्तर तक पहुंचना किसी भी खिलाड़ी के लिए नामुमकिन है। उनके लिए रिकॉर्ड से ज्यादा देश को कप दिलाना जरूरी है।

Author: Prem Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories