Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के अति-सुरक्षित माने जाने वाले पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला ‘हिट एंड रन’ मामला सामने आया है। आईपीएल मैच देखकर अपने घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की बाइक को एक बेकाबू ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। यह दर्दनाक हादसा सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे अशोका रोड स्थित महादेव रोड टी-पॉइंट के पास हुआ। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने जब्त कर लिया।
एक ही झटके में उजड़ गए दो हंसते-खेलते परिवार
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा के मुताबिक, मृतकों की पहचान 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और 14 वर्षीय अभय भाटिया के रूप में हुई है। यज्ञ सुभारती यूनिवर्सिटी में बीएससी का छात्र था और एक उभरता हुआ क्रिकेटर था, जबकि अभय हंसराज स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ रहा था। दोनों भाई अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। इस हादसे ने अशोक नगर के रहने वाले भाटिया परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। एक पल में दो घरों के इकलौते चिराग बुझ गए।
पिता से आखिरी बातचीत और फिर फोन पर सुनाई दिया धमाका
हादसे से कुछ ही मिनट पहले अभय के पिता सुमित ने उसे फोन किया था। अभय ने उत्साह के साथ बताया था, “पापा, बस आधे घंटे में घर पहुंच रहा हूं।” पिता अभी बात ही कर रहे थे कि अचानक फोन पर एक बहुत तेज धमाके की आवाज आई और सन्नाटा छा गया। करीब डेढ़ मिनट तक फोन चालू रहा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंततः एक राहगीर ने फोन उठाकर बताया कि बच्चों का भीषण एक्सीडेंट हो गया है, जिसके बाद परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
क्रिकेटर बनने का सपना और जन्मदिन की अधूरी तैयारी
यज्ञ भाटिया एक प्रतिभाशाली स्टेट लेवल क्रिकेटर था और विराट कोहली को अपना आदर्श मानता था। वह अक्सर कहता था कि एक दिन वह टीम इंडिया के लिए खेलेगा। वहीं, अभय का तीन दिन बाद 15वां जन्मदिन था, जिसके लिए पिता ने नया क्रिकेट बैट सरप्राईज गिफ्ट के तौर पर खरीदा था। हादसे से चंद घंटे पहले दोनों भाइयों ने अरुण जेटली स्टेडियम में क्रिकेट स्टार्स के साथ सेल्फी भी ली थी, जिसे उन्होंने बेहद खुशी के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया था।
बिना हेलमेट बुलेट की सवारी पड़ी महंगी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों भाई मैच खत्म होने के बाद बिना हेलमेट पहने बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। जानकारों का मानना है कि अगर उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए हेलमेट पहना होता, तो शायद चोट इतनी गंभीर नहीं होती। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक सड़क हादसों में 188 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें से अधिकांश मामलों में टू-व्हीलर सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था, जो चिंता का विषय है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब ट्रक महादेव रोड टी-पॉइंट से टर्न ले रहा था। फिलहाल पुलिस इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि फरार ड्राइवर का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या उस समय ट्रक को वीवीआईपी इलाके में प्रवेश की अनुमति थी। भाटिया परिवार का चांदनी चौक में ड्राई फ्रूट का बड़ा कारोबार है, जहां आज व्यापारिक जगत में भी शोक की लहर है।


